Prayagraj: अल्लापुर में प्रॉपर्टी डीलर की सैलून में गोली मारकर हत्या, घर से 200 मीटर दूर हुई वारदात से फैली सनसनी
जार्जटाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम 6 बजे हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम, एक साल पहले दशहरे पर हुए हत्याकांड का मुख्य गवाह था मृतक अरविंद भारतीय
प्रयागराज (भदैनी मिरर): संगम नगरी प्रयागराज के जार्जटाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत अल्लापुर इलाके में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को मृतक के घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक सैलून के भीतर अंजाम दिया गया। सरेआम हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

सैलून में बैठे थे अरविंद, तभी बरसाई गई गोलियां
मृतक की पहचान अल्लापुर निवासी 30 वर्षीय अरविंद भारतीय के रूप में हुई है, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6:00 बजे अरविंद अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर एक सैलून में मौजूद थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुराने हत्याकांड में मुख्य गवाह था मृतक
घटना की सूचना मिलते ही जार्जटाउन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक छानबीन में यह बात सामने आई है कि मृतक अरविंद भारतीय करीब एक साल पहले दशहरे के दिन हुए एक हत्याकांड के मामले में मुख्य गवाह थे। पुलिस अब इस हत्या को पुरानी रंजिश और गवाही के एंगल से जोड़कर भी देख रही है।
बताया जा रहा है कि अरविंद के पिता का नाम किशोरी लाल भारतीय है और वे अपने पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।
