यूपी कफ सिरप घोटाले पर सियासी भूचाल: संसद से सड़क तक सपा का योगी सरकार पर तीखा हमला
धर्मेंद्र यादव बोले-जहरीली दवा से सैकड़ों बच्चों की मौत, 2000 करोड़ का रैकेट सक्रिय; अखिलेश ने कहा—प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ चल रहा है
लखनऊ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में उजागर हुए कथित कफ सिरप घोटाले ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। जहरीली दवा से कथित तौर पर बच्चों की मौत और करोड़ों के अवैध कारोबार के आरोपों के बीच विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने इस घोटाले को “हजारों करोड़ का घोटाला” बताते हुए योगी सरकार पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे की गूंज संसद से लेकर सड़क तक सुनाई दे रही है।



आज संसद में बनारस से संचालित नकली कफ सिरप का रैकेट और इससे हुई उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान व देश विदेश में अन्य बहुत से जगहों पर बच्चों और बुजुर्गों की हुई मौतों का मुद्दा उठाया । इस रैकेट को भाजपा के सफेदपोश नेताओं एवम् मंत्रियों का पूर्ण संरक्षण प्राप्त है । जन मानस… pic.twitter.com/LPuNjJrCsi
— Dharmendra Yadav (@MPDharmendraYdv) December 3, 2025
संसद में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का हमला
लोकसभा में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कफ सिरप घोटाले का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने दावा किया कि नकली कफ सिरप का नेटवर्क सिर्फ यूपी तक सीमित नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका तक इसकी सप्लाई होती रही है।

सपा सांसद ने कहा -“यह सिर्फ नकली दवा का मामला नहीं, यह बच्चों की मौत का सौदा है। सैकड़ों परिवार तबाह हुए, लेकिन माफिया 2000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर रहे हैं।”
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि छोटे मामलों में कार्रवाई तुरंत होती है, लेकिन इतने बड़े रैकेट के सरगना बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे नेटवर्क की CBI या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।

‘पैसा मायने रखता है, जान नहीं’: सपा का आरोप
सपा ने सरकार पर आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर बड़ी लापरवाही हुई है और “पैसा जान से ज्यादा मायने रखता है” की स्थिति बन गई है। जहरीले सिरप से बच्चों की मौत को “सिस्टम की नाकामी” बताया गया।
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कफ सिरप घोटाले को लेकर योगी सरकार को सीधा कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा-
“प्रदेश में कानून का नहीं, माफियाओं का राज चल रहा है। भाजपा सरकार के दौरान सबसे ज्यादा नकली दवाएं पकड़ी जा रही हैं। यह ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ कार्यक्रम बन चुका है।”
अखिलेश यादव ने दावा किया कि सपा सरकार में मेडिकल और दवा उद्योग की कड़ी मॉनिटरिंग होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार में अव्यवस्था फैल गई है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की पूरी मेडिकल इकॉनॉमी को नुकसान पहुंचा है।
घोटाले ने बढ़ाई सरकार की मुश्किलें
कफ सिरप मामले में बच्चों की कथित मौतें, नकली दवाओं का नेटवर्क और करोड़ों के अवैध कारोबार के आरोपों ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विपक्ष इसे बड़ा स्वास्थ्य संकट और प्रशासनिक नाकामी बता रहा है, जबकि सरकारी एजेंसियां आपूर्तिकर्ताओं और दवा माफियाओं की जांच में जुटी हैं।
