20 साल पुराने जमीन विवाद में पुलिस ने कसा शिकंजा, नोटिस लेकर पूर्व मंत्री आजम खां के आवास पहुंची टीम
अधिवक्ता को सौंपा नोटिस; वर्ष 2006 में तूती वाले मकबरे के पास कब्जा हटवाए जाने और 2007 में दर्ज मुकदमे से जुड़ा है मामला
भदैनी मिरर, वाराणसी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। रामपुर में करीब दो दशक पुराने जमीन विवाद से जुड़े मुकदमे में रविवार को यूपी पुलिस की कार्रवाई सामने आई। वर्ष 2006 में गंज थाना क्षेत्र के तूती वाले मकबरे के पास जमीन से कब्जा हटवाए जाने के प्रकरण में पुलिस टीम नोटिस लेकर आजम खां के आवास पर पहुंची।

20 मिनट इंतजार के बाद अधिवक्ता को सौंपा गया नोटिस
रविवार को पटवाई थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ पूर्व मंत्री आजम खां के आवास पर पहुंचे। वहां पुलिस टीम ने करीब 20 मिनट तक इंतजार किया और इसके बाद आजम खां के अधिवक्ता को नोटिस सौंपकर वापस लौट गई।
इस संबंध में रामपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अनिल कुमार सिसौदिया ने बताया कि वर्ष 2007 में जमीन पर से कब्जा हटवाने के आरोप में एक मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना निरीक्षक पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है और इसी जांच के क्रम में वे नोटिस लेकर आवास पर पहुंचे थे।
क्या है 2006-07 का पूरा जमीन विवाद मामला?
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2006 में गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तूती वाले मकबरे के पास स्थित जमीन से प्रशासन द्वारा कब्जा हटवाया गया था। इस कार्रवाई के खिलाफ मोहल्ला सराय सहादत यार खां निवासी अफसर खां की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि संबंधित जमीन अफसर अली की थी और प्रशासन ने बिना पूर्व नोटिस दिए कब्जा हटवा दिया, जिसके पीछे आजम खां का इशारा होने का आरोप लगाया गया था।
इसी शिकायत के आधार पर वर्ष 2007 में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें आजम खां और तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी को नामजद किया गया था। बताया गया है कि वादी अफसर खां और तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी दोनों का निधन हो चुका है, जबकि वर्तमान में इस मुकदमे की पैरवी जुल्फिकार द्वारा की जा रही है। लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया में चल रहे इसी मामले में अब पुलिस ने नोटिस तामील कराया है।
