फर्रुखाबाद में एल्बेंडाजोल दवा खाने के बाद 100 से अधिक बच्चे बीमार, मची अफरातफरी
उल्टी-दस्त, पेट में दर्द की शिकायत के बाद पहुंचे अभिभावकों ने शिक्षकों से की शिकायत
एम्बुलेंस बुलावाकर बच्चों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के राठौर मोहिद्दीनपुर गांव के एक जूनियर हाईस्कूल में मंगलवार दोपहर में दवा खाने के बाद 100 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। उल्टी-दस्त, पेट में दर्द की शिकायत के बाद पहुंचे अभिभावकों ने इसकी शिकायत शिक्षकों से की। मौके पर जिले भर की एंबुलेंस बुला ली गईं। इसके बाद बच्चों को कमालगंज सीएचसी भेजा गया। इस दौरान कई परिजन बच्चों को निजी अस्पताल लेकर चले गए हैं। इसके कारण गांव में अफरातफरी मची रही। बच्चों को स्कूल में कृमि मुक्ति (Worming) के लिए एल्बेंडाजोल (Albendazole) की गोलियां खिलाई गई थीं।


सूचना पर शिक्षा विभाग और पुलिस अधिकारी पहुंचे। दोपहर ढाई बजे जिले की सभी एंबुलेंस को मौके पर रवाना होने के निर्देश दिए गए हैं। आपको बता दें कि जुलाई 2024 में फर्रुखाबाद में ही एक स्कूल में बच्चों को टर्पेन्टाइन ऑयल और पेंट वाले बर्तन में बना खाना खिलाने से 50 बच्चों की तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में राजस्थान और मध्य प्रदेश में जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत और बीमार होने की खबर आई थी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

