करवा चौथ पर रात पर देखती रही राह, सुबह मिली पति की लाश
उघैती थाना क्षेत्र के गांव गुरीठा गांव का रहनेवाला था अजय कुमार, एक साल पहले ही हुई थी शादी
आठ दिन पहले ही पत्नी को मायके से ले आया था, खाता खोलवाने गया तो नही लौटा
बदायूं। बदायूं के जरीफनगर में करवा चौथ के दिन बाइक लेकर घर से खाता खुलवाने की बात कहकर निकला युवक नहीं लौटा। पति की लम्बी आयु के लिए पत्नी करवा चौथ की व्रत थी और पति के आने का रातभर राह देखती रही। परिवारवाले अलग से परेशान थे। लेकिन शनिवार की सुबह उसके मौत की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के गांव गुरीठा के निवासी ओमशरण के बेटे अजय कुमार (20) की एक साल पहले शादी जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कला की गड्डो से हुई थी। आठ दिन पहले ही वह पत्नी को मायके से बुलाकर घर ले आया। शुक्रवार को उसने परिजनों को बताया कि खाता खुलवाने के लिए जा रहा है। कुछ ही देर में लौट आएगा। काफी देर तक नही आया तो पिता ने देर शाम फोन किया। उसने कहा कि वह रास्ते में है, जल्द घर आ जाएगा। देर रात हो गई लेकिन वह नही आया। फोन मिलाया तो स्विच आफ बताने लगा। इसके बाद परिवारवाले परेशान हो गये।

करवा चौथ का त्योहार था और पत्नी ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत किया था। पत्नी पति के आने का इंतजार करती रही। रात भर लोग उसकी तलाश करते रहे। शनिवार को परिजनों को जरीफनगर क्षेत्र की झाड़ी में शव पड़े होने की सूचना मिली। परिजन पहुंचे तो उसकी पहचान हुई। पुलिस पहुंची तो उसके पैंट की जेब में बाइक की ताली मिली। परिवारवालों ने हत्या कर फेंके जाने की आशंका जताई है। उनके संदेह का कारण यह है कि बाइक की चाभी पैंट की जेब में और बाइक उसके ऊपर कैसे पड़ी थी। अगर वह हादसे का शिकार हुआ तो जेब में चाबी कैसे पहुंची। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया गया। हादसा दिखाने को बाइक उसके ऊपर डाल दी गई। हालांकि पुलिस दुर्घटना मानकर जांच कर रही है।

