मेरा पति नपुंसक, कह रहा जेठ से बनाओ संबंध...मायावती की भतीजी ने सुनाई आपबीती, ससुराल वालों पर लगाए कई गंभीर आरोप




हापुड़। पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती की भतीजी ने अपनी शादीशुदा ज़िंदगी को लेकर चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र की बैंक कॉलोनी स्थित ससुराल पक्ष पर महिला ने दहेज की मांग, मारपीट, शारीरिक उत्पीड़न और दुष्कर्म के प्रयास जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। अदालत के हस्तक्षेप के बाद पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पीड़िता ने पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि वह दिल्ली के इंदरपुरी साउथ की निवासी हैं और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भाई की बेटी हैं। 9 नवंबर 2023 को उनकी शादी विशाल नामक युवक से हापुड़ की बैंक कॉलोनी में हुई थी। विशाल की मां पुष्पा देवी वर्तमान में हापुड़ नगर पालिका की अध्यक्ष हैं, जबकि पिता श्रीपाल सिंह बसपा नेता हैं।

दहेज में मांगा गया फ्लैट और 50 लाख रुपये
शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल वालों ने एक फ्लैट और 50 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि सभी परिवारजन, जिनमें पति विशाल, ससुर श्रीपाल, सास पुष्पा देवी, जेठ भूपेंद्र उर्फ मोनू, जेठानी निशा, ननद शिवनी और मौसा ससुर अखिलेश शामिल हैं, ने पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

पति के नपुंसक होने पर जेठ से संबंध बनाने का दबाव
महिला ने बताया कि उसका पति स्टेरॉयड इंजेक्शन के अत्यधिक प्रयोग के कारण नपुंसक हो गया और उसने शारीरिक संबंध बनाने से दूरी बना ली। इसके बाद ससुराल पक्ष ने जेठ के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। पीड़िता का आरोप है कि 17 फरवरी 2025 की रात को जेठ और ससुर ने दुष्कर्म का प्रयास किया और बेरहमी से पीटा।
पुलिस ने FIR दर्ज करने से किया था इनकार
पीड़िता के मुताबिक, उसने 21 मार्च 2025 को एसपी से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश के बाद नगर कोतवाली में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस कर रही जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही गई है।

