मुजफ्फरनगर का पशु तस्कर, 50 हजार का इनामिया मो. सावेज चंदौली से गिरफ्तार
STF ने मुखबिर की सूचना पर सैयदराजा थाना क्षेत्र से किया गिरफ्तार
संगठित गिरोह है इसका, कोर्ट ने जारी किया था गैर जमानती वारंट
वाराणसी, भदैनी मिरर। STF की टीम ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के आरोपित और 50 हजार के इनामिया मोहम्मद सावेज को चंदौली के सैयदराजा क्षेत्र के बगही अन्डर पास से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार मोहम्मद सावेज मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के मोहल्ला लाल मोहम्मद का निवासी है।


एसटीएफ की टीम मोहम्मद सावेज की तलाश में चंदौली में मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित और पुरस्कार घोषित मोहम्मद सावेज बगही अन्डर पास पर मौजूद है। इसके बाद टीम ने मुखबिर की निशोदही पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सावेज ने बताया कि उसका संगठित गिरोह है। उसके गिरोह के लोग यूपी, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से गोवंशीय पशुओं की असम, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में तस्करी करते हैं।

इसके पूर्व में वह दिसम्बर-2022 में गोवंशीय पशुओं की तस्करी में थाना चंदौली, से गिरफ्तार किया गया है। मई-2023 में चंदौली में गैंगेस्टर मुकदमा दर्ज होने के बाद हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में छिपकर रह रहा था। उसके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिया था। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और चंदौली में पांच मुकदमे दर्ज हैं।

