सनसनी : दो दिन से लापता मेडिकल छात्रा की पेड़ से लटकती मिली लाश
खेतों में काम करने गये किसानों ने देखा तो लोगों को हुई जानकारी
चेतनपुरी के जंगल में जामुन के पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव
देवबंद। देवबंद के चेतनपुरी जंगल में मेडिकल की 21 वर्षीया छात्रा रवीना का पेड़ से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा दो दिन से लापता थी। इस मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रवीना का शव शनिवार को चेतनपुरी के जंगल में जामुन के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। खेतों में काम करने गये किसानों ने शव देखा तो लोगों को इसकी जानकारी हुईं। पुलिस के अनुसार मृतका रवीना बीबीपुर गांव के सोमपाल की बेटी थी। वह पिछले दो दिनों से लापता थी। परिजनों ने शुक्रवार को कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रवीना एक कॉलेज से फिजियोथेरेपी का कोर्स कर रही थी।


इसके साथ ही वह रेलवे रोड स्थित एक चिकित्सक के यहां प्रैक्टिस भी कर रही थी। सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम पहुंची। मौके की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रवीना के लापता होने और उसकी मौत के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं है। हत्या या आत्महत्या मानकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

