मस्जिद में मौलाना की पत्नी और दो बच्चों की पीट-पीटकर बेहरमी से हत्या, सनसनीखेज घटना से लोग स्तब्ध
मस्जिद की ऊपरी मंजिल में परिवार के साथ रहते हैं मौलाना इब्राहिम
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के स्वागत कार्यक्रम में शरीक होने मौलाना गये थे देवबंद,, तभी हुई वारदात
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांगनौली गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना से लोगों का कलेजा कांप उठा। मस्जिद परिसर में रहने वाले मौलाना की पत्नी और उनके दो बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच के बाद शवों का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जाता है कि घटना के समय मौलाना इब्राहीम अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के स्वागत कार्यक्रम में भाग लेने देवबंद गये थे।


मुजफ्फरनगर के सुन्ना गांव के निवासी मौलाना इब्राहिम गांगनोली गांव की मस्जिद में नमाज पढ़ाने का काम करते थे। मौलाना अपनी 32 वर्षीय पत्नी इसराना, पांच वर्षीय बेटी सोफिया और तीन साल की बेटी सुमय्या के साथ मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर बने आवास में रहते थे। समय मौलाना देवबंद में एक कार्यक्रम में शामिल होने देवबंद गए हुए थे। शनिवार की सुबह जब बच्चे पढ़ने के लिए मस्जिद पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि महिला और दोनों बच्चे खून से लथपथ पड़े हैं।

उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। तीनों के शवों को देखने से साफ लग रहा था उनकी हत्या बेरहमी से पीट-पीटकर की गई थी। माना जा रहा है कि मौलाना की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अपराधियों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना की सूचना 112 डायल पर दी गई, तक पुलिस पहुंची थी। फिलहाल पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

