मथुरा: महिला का भेष धरकर घर में घुसा और विवाहिता को जिंदा फूंका, दरिंदे उमेश को मिली फांसी की सजा
ऐतिहासिक फैसला: जिला जज विकास कुमार ने हत्यारे उमेश कुमार को सुनाई मृत्युदंड की सजा।
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से न्याय की एक बड़ी खबर सामने आई है। जिला जज विकास कुमार ने एक विवाहिता को जिंदा जलाने वाले अभियुक्त उमेश कुमार को मंगलवार को फांसी की सजा सुनाई। अभियुक्त ने न केवल एक महिला की जान ली, बल्कि वारदात को अंजाम देने के लिए महिला का भेष बदलकर घर में घुसने की घिनौनी साजिश भी रची थी।


दुष्कर्म का विरोध करने पर दी खौफनाक मौत
मामला फरह थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पलवल (हरियाणा) निवासी उमेश कुमार की बहन यहाँ रहती है। 11 मार्च 2025 की दोपहर उमेश ने महिला का भेष धारण किया और अपनी बहन के घर में प्रवेश किया। घर में उसकी बहन की देवरानी मौजूद थी, जिसे अकेला पाकर उमेश ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।

जब विवाहिता ने अपनी अस्मत बचाने के लिए कड़ा विरोध किया, तो आक्रोशित उमेश ने उस पर पेट्रोलियम पदार्थ उड़ेलकर आग लगा दी। महिला की चीखें सुनकर जब तक परिजन पहुँचते, उमेश छत से कूदकर भाग निकला, जिससे उसे भी चोटें आईं।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल उमेश को हिरासत में लिया और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा।

कोर्ट ने माना 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' केस
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए कोर्ट में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया। तमाम साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर 1 मई को कोर्ट ने उमेश को दोषी करार दिया था। मंगलवार को अंतिम सुनवाई करते हुए जिला जज ने इसे अत्यंत जघन्य अपराध माना और दोषी उमेश कुमार को फांसी की सजा सुना दी।
