लखनऊ अग्निकांड: जान बचाने को बाथरूम में छिपे मासूम; डिप्टी सीएम बोले- 'मैंने खुद देखे शव'
Lucknow Coaching Centre Fire: अलीगंज के पुरनिया में कोचिंग सेंटर में आग लगने से मची चीख-पुकार, खिड़की से कूदे छात्र, बगल की दीवार तोड़कर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन। सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश।
लखनऊ (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया) इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सोमवार को एक नामी एनिमेशन सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बहुमंजिला इमारत धुएं के गुबार और आग की लपटों से घिर गई। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और दर्जनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


सांस लेना हुआ दूभर, जान बचाने को खिड़कियों से कूदे छात्र
हादसे के वक्त कोचिंग सेंटर के अंदर दर्जनों छात्र मौजूद थे। आंखों में खौफ और आंसू लिए बाहर निकले एक छात्र ने आपबीती सुनाते हुए बताया, "अचानक क्लासरूम में काला धुआं भरने लगा। महज कुछ ही सेकेंड में सांस लेना मुश्किल हो गया था। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि बाहर निकलने का रास्ता किधर है।"

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की भयावहता को देखकर बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ छात्र सुरक्षित ठिकाने की तलाश में बाथरूम की तरफ दौड़े और खुद को अंदर बंद कर लिया, तो वहीं कुछ छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से ही छलांग लगा दी।
दीवार तोड़कर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन, अपनों को ढूंढती रहीं आंखें
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति इतनी गंभीर थी कि राहत कार्य के लिए बगल के मकान की छत का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए बगल के मकान से कोचिंग सेंटर की दीवार को तोड़ा, जिसके बाद अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला जा सका।

हादसे के बाद बाहर आए बच्चे सदमे में थे। कोई रोते-बिलखते अपने दोस्तों को ढूंढ रहा था, तो कोई अपने साथियों के सकुशल होने की दुआ मांग रहा था। घायल छात्रों को तुरंत इलाज के लिए केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
ब्रीफिंग के दौरान भावुक हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश
हादसे की खबर मिलते ही सूबे के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मीडिया को ब्रीफ करते हुए डिप्टी सीएम का दर्द छलक उठा और उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा कि स्थिति बेहद हृदयविदारक है और उन्होंने खुद मौके पर कई शव देखे हैं।
"यह घटना अत्यंत दुखद है। घायलों को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।" - ब्रजेश पाठक, उप-मुख्यमंत्री, यूपी
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं, साथ ही हादसे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
पूरे इलाके में पसरा मातम
इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद से पूरे अलीगंज और पुरनिया इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। अस्पतालों और घटनास्थल पर अपनों की खैरियत जानने के लिए परिजनों की भारी भीड़ उमड़ रही है। फिलहाल प्रशासन की टीमें पूरी मुस्तैदी से राहत और जांच कार्य में जुटी हुई हैं।


