Movie prime
PMC_Hospital

लखनऊ अग्निकांड: गुस्से में सीएम योगी, अफसरों को लगाई कड़ी फटकार

Lucknow Fire Incident: अलीगढ़ दौरा छोड़ सीधे घटनास्थल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी और अपर मुख्य सचिव (गृह) को दिए सख्त निर्देश। पीएम मोदी, अखिलेश और मायावती ने जताया गहरा दुख।

Ad

 
dd
WhatsApp Group Join Now

Ad

लखनऊ (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे सूबे को दहला दिया है। एक तीन मंजिला कमर्शियल इमारत में लगी इस भयावह आग में झुलसकर अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस दिल दहला देने वाले हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद गुस्से में हैं। उन्होंने लखनऊ पहुंचते ही सीधे घटनास्थल का रुख किया और प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही पर उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए बड़े एक्शन के संकेत दिए हैं।

Ad
Ad

अलीगढ़ से सीधे ग्राउंड जीरो पहुंचे सीएम योगी, अफसरों को दी चेतावनी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही छोड़कर सीधे लखनऊ के अलीगंज (उषा मेहता मार्ग) स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पूरी इमारत का मुआयना किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों की क्लास लगा दी।

सीएम योगी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को खुद मौके पर रहकर जांच करने और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा, "इस हादसे की तह तक जाया जाएगा। सुरक्षा मानकों में खिलवाड़ करने वाले और इसमें लापरवाही बरतने वाले किसी भी दोषी या अधिकारी को कतई बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी।"

Ad

पॉश इलाके की इमारत में दोपहर 3 बजे मची तबाही

यह दर्दनाक हादसा अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया बाजार के पास स्थित उषा मेहता मार्ग पर दोपहर करीब 3:00 बजे हुआ। यह एक पॉश रिहाइशी और कमर्शियल इलाका है, जहाँ कई कोचिंग सेंटर, गेमिंग जोन और कैफे संचालित होते हैं।

आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल विभाग को काबू पाने के लिए 'हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म' वाली आधुनिक गाड़ियों को काम पर लगाना पड़ा। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान का मंजर बेहद खौफनाक था; दमकल कर्मियों ने बगल की इमारत की छत के सहारे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोगों को बॉडी बैग में तो कुछ को कंबल में लपेटकर बेहोशी की हालत में एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

Ad

पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का किया ऐलान

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (ट्विटर) पर लिखा:

"लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

अखिलेश यादव और मायावती ने उठाए सवाल, कहा- "ईमानदारी से हो जांच"

इस हादसे को लेकर प्रदेश के सियासी गलियारों में भी शोक की लहर है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने दुख जताते हुए मांग की कि इस हादसे के पीछे के असली कारणों की पूरी ईमानदारी से जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

वहीं, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने घटना को अति-दुखद बताते हुए कहा, "इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं और कई परिवारों की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सबको मिलकर सही से काम करने की जरूरत है, सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।"

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटनास्थल पर अभी भी चीख-पुकार का माहौल है। इमारत के अंदर मौजूद छात्र-छात्राओं के परिजन और रिश्तेदार अपनों की एक झलक पाने के लिए रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं। लोग अधिकारियों के सामने अंदर जाने के लिए गुहार लगा रहे हैं, जबकि पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और घायलों को इलाज दिलाने में मुस्तैद है।