लो भैया, अब दादी क्यों रहे पीछे, रिश्ते में पोते से ही रचा ली शादी
अलीगढ़ के सास-दामाद के बाद अम्बेडकर नगर की दादी ने बनाया नया रिकार्ड




चार बच्चों की मां है 52 वर्षीया इंद्रावती, दो शादी पहले कर चुकी थी
समाज ने किया बहिष्कार तो चले गये दूसरे प्रदेश
अम्बेडकर नगर, भदैनी मिरर। प्यार के बारे में तो कहा बहुत कुछ जाता है। प्यार की कोई उम्र नहीं होती, वह किसी रिश्ते की दीवार को नही मानता। प्यार दीवाना होता है आदि-आदि। अभी कुछ दिन पहले अलीगढ़ में सास और दामाद के प्रेम प्रसंग की कहानी सुर्खियों में थी। तभी इधर, अम्बेडकर नगर में दादी ने भी छक्का मार दिया। यह मामला ऐसा है कि जिसने भी सुना वह दंग रह गया और दांतों तले उंगली दबा ली। यहां एक 52 वर्षीय महिला इंद्रावती ने अपने रिश्तेदार पोते के साथ भागकर शादी रचा ली। दादी की उम्र की चार बच्चों की मां ने पति व समाज के लोगों के विरोध के बावजूद 28 साल के युवक के साथ शादी रचा ली। इसकी जानकारी के बाद समाज के लोगों ने बहिष्कार किया तो दोनों किसी और प्रदेश के लिए रवाना हो गए। इधर, महिला के पति चंदशेखर ने हत्या की साजिश करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।

पहले पति से थी एक बेटी, हो चुकी है शादी
बसखारी के प्रतापपुर बेलवरिया दलित बस्ती की रहने वाली 52 वर्षीया इंद्रावती की शादी 20 वर्ष पहले यहीं के चंद्रशेखर आजाद के साथ हुई थी। इसके बाद उसने एक बेटी और दो बेटों को जन्म दिया। पति चंद्रशेखर के साथ उसकी यह दूसरी शादी थी। पहले पति से उसकी एक पुत्री थी। दो वर्ष पूर्व दूसरे पति चंद्रशेखर ने अपनी सौतेली बेटी का विवाह कर दिया था। इस बीच इंद्रावती का चंद्रशेखर से कब मोह भंग होने लगा और वह 28 वर्षीय आजाद से इश्क करने लगी। लेकिन इसकी भनक सबको नही लग सकी। हालांकि इंद्रावती की आजाद से यह तीसरी शादी है।

दस दिन पहले दोनों हुए लापता और मंदिर में रचा ली शादी
जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर की पत्नी इंद्रावती दस दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई। चंद्रशेखर दूसरे शहर में रहकर मजदूरी करते हैं और वहीं से अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करते हैं। जब उनकी पत्नी गायब हुई तो उन्होंने आस-पास पता लगाया। तब पता चला कि उनकी पत्नी का गांव के ही 25 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध चल रहा था।

दादी 52 की पोता महज 28 का
महिला की उम्र जहां 52 वर्ष है, वहीं उसका प्रेमी मात्र 28 वर्ष का है। महिला के पति चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी शादी इंद्रावती से करीब 20 साल पहले हुई थी। यह इंद्रावती की दूसरी शादी थी। पहले पति से एक बेटी है, जबकि चंद्रशेखर से दो बेटे और एक बेटी हैं। चंद्रशेखर ने बताया कि कुछ समय से पत्नी का व्यवहार उनके प्रति बदल गया था। वह ठीक से बात नही करती थी।
परिवार को जहर देकर मारने के चक्कर में थे दोनों-चंद्रशेखर
चंद्रशेखर का आरोप है कि पत्नी इंद्रावती और उसका प्रेमी आजाद मिलकर परिवार को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे। समय रहते उसे इसकी भनक लग गई। जब दोनों को उनकी प्रेम कहानी की भनक लगने की जानकारी हो गई तो महिला अपने प्रेमी युवक के साथ भाग गई। दोनों ने गोविंद साहब मंदिर में विवाह भी कर लिया। उस समय चंद्रशेखर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि दोनों बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं तो वे कुछ नहीं कर सकते। पति चंद्रशेखर ने कहाकि वो अब यानी इंद्रावती हमारे लिए मर चुकी है। उसने हमारे साथ धोखा किया। इस घटना से परिवार शर्मसार है। चंद्रशेखर ने बताया कि मेरी आंख में चोट लगी थी। उसके इलाज के लिए मैं शहर गया हुआ था। चार दिन पहले लौटकर आया तो इंद्रावती और आजाद आपस में बात कर रहे थे। आजाद ने इंद्रावती से कहाकि तुम अपने पति और बच्चों को जहर देकर मार दो। इसके बाद हम दोनों शादी करके भाग जाते हैं। मैंने सब सुन लिया। जब इंद्रावती से पूछा तो वह झगड़ा करने लगी।

