लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक और मैजिक की भीषण भिड़ंत में 9 की मौत, कई घायल
लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर मची चीख-पुकार; मजदूरी कर गांव लौट रहे थे सभी यात्री, खुशियों से पहले घर मातम
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे 730 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में सात पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। यह भीषण हादसा एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारी गाड़ी (मैजिक) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर की वजह से हुआ।


सुबह आठ बजे हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाला हादसा सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

सभी घायलों और शवों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मजदूरी कर वापस अपने गांव लौट रहे थे पीड़ित
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मैजिक गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे। ये सभी लोग लखीमपुर में मजदूरी का काम करते थे और काम खत्म होने के बाद सोमवार सुबह मैजिक गाड़ी से अपने गांव नानपारा वापस लौट रहे थे। मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही थी, तभी बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। अपने घर पहुंचने से चंद किलोमीटर पहले ही ये मजदूर काल के गाल में समा गए।

चार मृतकों की हुई पहचान, शिनाख्त में जुटी पुलिस
हादसे का शिकार हुए लोगों में से अब तक चार मृतकों की पहचान हो सकी है, जिनमें शामिल हैं:
-
जयवीर सिंह (पुत्र पेशकार सिंह) – निवासी बहराइच
-
पवन – निवासी बहराइच
-
संतोष – निवासी बहराइच
-
अदनान (पुत्र वकील) – निवासी धौरहरा
जांच में जुटी पुलिस: पुलिस प्रशासन अन्य मृतकों और घायलों की पहचान स्थापित करने के प्रयास में जुटा हुआ है। उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवा दिया है। मामले की आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
