Kushinagar School Manager Arrested: कुशीनगर में महिला शिक्षिका से स्कूल मैनेजर ने की गंदी डिमांड
‘आप बहुत गंदे इंसान हैं, क्या आपके पास पत्नी नहीं है?’- शिक्षिका ने मर्यादा का पाठ पढ़ाकर बेशर्म मैनेजर को सिखाया सबक; वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने लिया एक्शन।
कुशीनगर (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ जिला मुख्यालय स्थित एक निजी स्कूल के मैनेजर ने महिला शिक्षिका को अपने कक्ष में बुलाकर बेहद आपत्तिजनक बातें और अवांछित मांग रखी। हालांकि, महिला शिक्षिका ने डरने के बजाय गजब का साहस दिखाया और मैनेजर को खरी-खोटी सुनाते हुए जमकर मर्यादा का पाठ पढ़ाया। बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

‘आपके पास वाइफ नहीं है?’- शिक्षिका ने लगाई कड़ी फटकार
घटना कुशीनगर के रवींद्रनगर धूस थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट स्कूल की है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे 5 मिनट से अधिक के वीडियो में कुर्सी पर बैठा स्कूल प्रबंधक दिनेश राय शिक्षिका के सामने बेहद आपत्तिजनक बातें करता दिख रहा है।
इस पर शिक्षिका ने कड़ा प्रतिरोध व्यक्त करते हुए कहा— "आप मेरी स्थिति का गलत फायदा उठा रहे हैं। आप बिल्कुल गलत कर रहे हैं। क्या आपके पास वाइफ नहीं है?" जब बेशर्म मैनेजर ने बहाना बनाया कि उसकी पत्नी बीमार रहती है, तो शिक्षिका ने कहा कि "तो जाइए दूसरी शादी कर लीजिए।" इस पर मैनेजर कहता है कि "लड़का-लड़की हैं, शादी करूंगा तो लोग क्या कहेंगे?" शिक्षिका ने दो टूक जवाब देते हुए कहा— "मैं भी किसी की बेटी हूँ। आपके मन में गंदगी भर गई है, आप बहुत गंदे इंसान हैं।"
शिक्षिका के सख्त रुख और डटकर मुकाबला करने के बाद आरोपी मैनेजर को शर्मिंदा होना पड़ा और अंततः शिक्षिका ने उसे खरी-खोटी सुनाकर कमरे से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया।
वायरल वीडियो देख हरकत में आई पुलिस, आरोपी जेल भेजा गया
गुरुवार को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही रवींद्रनगर धूस पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम स्कूल पहुंची और पीड़ित शिक्षिका से संपर्क साधा। शिक्षिका की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपी प्रबंधक दिनेश राय (पुत्र शारदा राय, निवासी मोतीछापर) को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जुलाई में भी सामने आया था ऐसा मामला
कुशीनगर में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जुलाई महीने में सेवरही कस्बे के एक कोचिंग सेंटर में शिक्षक द्वारा छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था, जहाँ छात्रा और उसके परिजनों ने मनचले शिक्षक की जमकर पिटाई की थी। उस मामले में भी पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया था।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दबंग या मनचले को बख्शा नहीं जाएगा।
