जौनपुर : आशनाई विवाद में युवक को फोन कर घर से बुलाया और मार दी गोली, हालत नाजुक
मुम्बई में काम करता है धीरज यादव, परिवार की शादी में शामिल होने आया था घर
पुलिस ने पुराने दोस्त समेत तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद
जौनपुर, भदैनी मिरर। जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुजार में बुधवार की रात टेंट हाउस संचालक के भतीजे धीरज यादव (22) को बुधवार की रात घर से बुलाकर गोली मार दी गई। युवक को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देख वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना का कारण आशनाई का विवाद बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार देवरिया निवासी राजेंद्र यादव का भतीजा धीरज मुंबई में काम करता है। घर के शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह आया था। उसकी सिकरारा थाना क्षेत्र के अरुआंवा गांव निवासी राजा पासी से पुरानी दोस्ती थी। बुधवार की रात राजा पासी दो साथियों के साथ गांव में आया और फोन कर धीरज को मुजार गांव के निकट अरुआंवा-दत्तांव मार्ग की पुलिया पर बुलाया। धीरज के पहुंचने के बाद धीरज से विवाद हुआ। इसी दौरान राजा पासी ने धीरज के सीने में बाईं तरफ गोली मार दी। इसके बाद तीनों आरोपित फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल और फिर वाराणसी भेजा गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरम्भिक पूछताछ में पता चला कि आशनाई के विवाद को लेकर घटना हुई है। पुलिस ने घायल युवक के पिता की तहरीर पर अरुआंवा निवासी राजा पासी, मडियाहूं कोतवाली के नदियांव गांव निवासी शिवा गौतम और रोहित गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद कर लिया गया है।

