
International Yoga Day : योग दिवस पर CM Yogi ने गोरखपुर में किया योगाभ्यास, बोले- योग आत्मबल को मजबूत करने का माध्यम




लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश में जगह-जगह उत्साह और उमंग के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। आम जनता से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक, सभी ने योग के जरिए स्वास्थ्य और मानसिक शांति का संदेश दिया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित किया। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राजधानी लखनऊ में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों को नियमित योग करने का संदेश दिया।


लखनऊ के गोमती नगर स्थित अंबेडकर पार्क में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता नीरज सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह जैसे प्रमुख नेता भी शामिल हुए।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन परिसर में योग कर इस दिन को विशेष बना दिया। मुख्यमंत्री योगी की पहल पर नगर विकास विभाग ने प्रदेश भर के शहरी क्षेत्रों में 100 से अधिक योग पार्क विकसित किए हैं। इन पार्कों में योगाभ्यास के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।


अंबेडकर पार्क में बड़ी संख्या में लोग योग करने पहुंचे। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “स्वस्थ शरीर ही जीवन के सपनों को साकार करने की पहली सीढ़ी है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह आत्मबल को मजबूत करने का माध्यम है। यह भारत की ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसे आज भी वेद, पुराण और शास्त्रों ने जीवित रखा है।”

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपने रोजमर्रा के जीवन में शामिल करें ताकि तन और मन दोनों स्वस्थ रह सकें।

