फंदे पर लटकी थी पति की लाश और बेड पर पड़ा था पत्नी का शव
मेरठ जिले के मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस दो स्थित सीवरेज प्लांट के कमरे में सनसनीखेज वारदात
मधु के भाई शिवशंकर ने बताया, दोनों के बीच 20 दिन से चल रहा था विवाद
मेरठ। यूपी के मेरठ जिले के मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेस दो स्थित सीवरेज प्लांट के कमरे में शनिवार को हरदोई के घुरेना प्रदीप (35) का शव फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी मधु यादव (30) का शव बेड पर पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर मिले साक्ष्य के आधार पर यह बात सामने आई की पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।


जानकारी के अनुसार प्रदीप चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह पल्लवपुरम फेस दो स्थित सीवरेज प्लांट में ठेकेदार के अधीन ऑपरेटर था। वह पत्नी और बेटे यस के साथ एन पॉकेट में किराए के मकान में रहता था। मधु के भाई शिव शंकर ने पुलिस को बताया कि बहनोई प्रदीप अपनी पत्नी और बेटे के साथ होली का त्यौहार मनाने गांव गया था। शनिवार को पल्लवपुरम लौटा था। किराए के मकान में न जाकर वह प्लांट पर पहुंचा और वहीं कमरे में आराम करने की बात कहकर सो गया। बेटा यस दूसरे प्लांट में बच्चों के साथ खेल रहा था। देर शाम दूसरा ऑपरेटर रामकरन प्लांट पर पहुंचा तो उसने कमरा खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो दंग रह गया।

प्रदीप की लाश फंदे पर लटकी थी और मधु का शव बेड पर पड़ा था। रामकरन ने तत्काल इसकी सूचना अपने मधु के भाई शिवशकर और पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तो कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले। फुटेज से पुलिस को कोई विशेष मदद नही मिल सकी। पूछताछ में शिव शंकर ने बताया कि दोनों में करीब 20 दिन से विवाद चल रहा था। शिव शंकर और प्रदीप का मामा यजनाथ भी पल्लवपुरम में दूसरे प्लांट पर कार्य करते हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रदीप ने पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की होगी। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि दोनों के शरीर पर चोट के निशान नही मिले हैं।

