मऊ में भीषण सड़क हादसा: बेटी की शादी कर लौट रहे गोरखपुर के एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत 5 की मौत, खुशियां मातम में बदलीं
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर ट्रेलर से टकराई स्कार्पियो; पति-पत्नी, इकलौते बेटे और दो ड्राइवरों की मौके पर ही गई जान
भदैनी मिरर, मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रांची में अपनी लाडली बेटी की शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे एक परिवार के लिए काल रास्ते में ही खड़ा था। कुसुम्हा-बशारतपुर के पास हुए इस भीषण एक्सीडेंट में पति-पत्नी और उनके इकलौते बेटे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।


बेटी की विदाई के बाद उजड़ गया परिवार
गोरखपुर के खोराबार (रानीडीहा) निवासी विनय श्रीवास्तव अपनी पत्नी अर्चना और 27 वर्षीय बेटे कृतार्थ के साथ बेटी विमन्सा की शादी के लिए झारखंड के रांची गए थे। 20 अप्रैल को शादी का जश्न धूमधाम से संपन्न हुआ। परिवार के बाकी सदस्य पहले ही गोरखपुर लौट आए थे, जबकि विनय शनिवार को किराए की स्कार्पियो से वापस आ रहे थे। उनके साथ पालतू कुत्ता भी गाड़ी में सवार था।

आधी रात को 'मौत का तांडव'
रात करीब 2:30 बजे, जब गाड़ी वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कार्पियो उछलकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी, बेटा कृतार्थ और दो चालक (गया निवासी पुरुषोत्तम और नीतीश) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गाड़ी की हालत देख अंदाजा लगाया जा सकता था कि टक्कर कितनी भयावह थी। पुलिस को शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा और घंटों की मशक्कत के बाद स्कार्पियो को काटकर मृतकों को बाहर निकाला गया।
तेज रफ्तार या नींद की झपकी?
प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि देर रात चालक को नींद की झपकी आने या अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई। फिलहाल ट्रेलर चालक मौके से फरार है, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने जहां गोरखपुर के रानीडीहा गांव में सन्नाटा पसरा दिया है, वहीं रांची में बेटी के ससुराल में भी कोहराम मच गया है।
