Movie prime
PMC_Hospital

गलत आपराधिक इतिहास भेजने पर हाईकोर्ट सख्त, तलब हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नर; चार आरोपियों की अग्रिम जमानत मंजूर

न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ला ने जताई नाराजगी; पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हलफनामा दाखिल कर SOP व कार्रवाई की दी जानकारी

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर, वाराणसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए गलत आपराधिक इतिहास प्रस्तुत किए जाने को न्याय प्रशासन में सीधा हस्तक्षेप करार दिया है। न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ला की एकलपीठ ने चार आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली, जबकि बार-बार गलत आपराधिक इतिहास भेजे जाने के प्रकरण में वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को तलब कर जवाब मांगा गया।

Ad

दीवानी प्रकृति का बताया गया विवाद

यह मामला मंडुवाडीह थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 306/2026 से संबंधित है, जिसमें राजेंद्र प्रसाद, सिकंदर प्रसाद उर्फ सिकंदर, चंद्रशेखर उर्फ चंद्रशेखर पटेल और आशीष श्रीवास्तव आरोपी हैं। आरोपियों की ओर से अधिवक्ता सना सिंह ने दलील दी कि विवादित भूमि के संबंध में नौ लाख रुपये के भुगतान पर बिना कब्जे का एग्रीमेंट टू सेल निष्पादित किया गया था और सर्किल रेट व स्टांप शुल्क में सुधार के लिए तैयार करेक्शन डीड पंजीकरण के लिए प्रस्तुत ही नहीं की गई थी। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया विवाद को दीवानी प्रकृति का मानते हुए हिरासत में लेकर पूछताछ की आवश्यकता नहीं पाई।

सुनवाई के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि वाराणसी के अपर सत्र न्यायाधीश (कोर्ट नंबर-1) ने 29 सितंबर 2026 के आदेश में पाया था कि आरोपी राजेंद्र प्रसाद के विरुद्ध नौ आपराधिक मुकदमों का इतिहास दर्शाया गया था, जबकि वे मामले समान नाम किंतु अलग पिता के नाम वाले किसी अन्य व्यक्ति के थे। इसके बावजूद 2 नवंबर 2026 को सुनवाई के दौरान राज्य पक्ष की ओर से 2007 के एक अन्य मुकदमे का उल्लेख किया गया और 4 नवंबर को विवेचक उपनिरीक्षक परवेज अहमद खान ने गलत आपराधिक इतिहास भेजे जाने की त्रुटि स्वीकार की।

पुलिस कमिश्नर ने दाखिल किया व्यक्तिगत हलफनामा

हाईकोर्ट के निर्देश पर 16 नवंबर 2026 को वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए और हलफनामा दाखिल किया। उन्होंने अवगत कराया कि गलत आपराधिक इतिहास भेजने के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है, प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई है तथा आपराधिक इतिहास की रिपोर्टिंग में सावधानी के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर सभी थानों को भेजी गई है। इसके बाद न्यायालय ने इस पहलू पर आगे अतिरिक्त कार्रवाई न करते हुए मामला उनके विधिक विवेक पर छोड़ दिया।

अंतिम आदेश में हाईकोर्ट ने दर्ज किया कि चारों आवेदकों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है, जिसे राज्य पक्ष के अपर शासकीय अधिवक्ता ने भी स्वीकार किया। अदालत ने 2 नवंबर 2026 को दी गई अंतरिम अग्रिम जमानत की पुष्टि करते हुए चारों की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली और गिरफ्तारी की स्थिति में व्यक्तिगत मुचलके व जमानत बांड पर रिहाई के साथ विवेचना में सहयोग, गवाहों को प्रभावित न करने तथा न्यायालय की पूर्व अनुमति के बिना देश न छोड़ने की शर्तें लगाईं।