
पूर्वी यूपी का सबसे गर्म शहर रहा बनारस, कई जिलों में बारिश के आसार, 40KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
10 जून तक बनारस पहुंच सकता है मानसून




UP Weather Update : उत्तर भारत में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मई के आखिरी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

हालांकि, बुधवार को पूर्वी यूपी का सबसे गर्म शहर वाराणसी रहा। मौसम विभाग के अनुमान के उलट शहर का ताप सूचकांक (Heat Index) 40 से 50 के बीच दर्ज हुआ, यानी महसूस होने वाली गर्मी सामान्य से कहीं अधिक रही।अधिकतम तापमान 40°C रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम था, लेकिन न्यूनतम तापमान 28.9°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। हवा की गति औसतन 20 किमी/घंटा रही, लेकिन बारिश नहीं हुई।


बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, इस बार मानसून बनारस में 10 जून तक दस्तक दे सकता है, जो कि सामान्य समय से करीब 10 दिन पहले होगा। आमतौर पर मानसून 15–20 जून के बीच यहां पहुंचता है। इस सप्ताह बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिल रही।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 मई से पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम अचानक करवट ले सकता है। आसमान में घने बादल छा सकते हैं और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के संकेत हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
आज का मौसम कैसा रहेगा?
-
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कई जगहों पर बिजली चमकने, बादल गरजने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
-
कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
गुरुवार को ये जिले रहेंगे प्रभावित:
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बांदा, फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर (नगर व देहात), उन्नाव, बागपत, जालौन, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, नोएडा, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और अमेठी।
इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, साथ ही हल्की बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है।
अगले 3-4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
-
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 29 से 31 मई के बीच पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में गर्मी से राहत देने वाली मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी।
-
हवा की गति 30 से 40 किमी/घंटा बनी रहेगी।
-
इससे लोगों को झुलसाती गर्मी से काफी राहत मिल सकती है, हालांकि उमस की शिकायत बनी रह सकती है।
मानसून को लेकर क्या है अपडेट?
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि उत्तर प्रदेश में 18 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना है। तब तक हल्की-फुल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर प्रदेश के कई हिस्सों में बना रह सकता है।

