
UP में गर्मी का कहर जारी, उमस और चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल, इन 35 जिलों में आज लू का अलर्ट




UP Weather Update : उत्तर प्रदेश इन दिनों जबरदस्त गर्मी की चपेट में है। बीते 3-4 दिनों में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालत ऐसी है कि सूरज आग बरसा रहा है और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, क्योंकि बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है।


भीषण गर्मी ने कई जिलों में बढ़ाई परेशानी
आगरा, झांसी, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में हालात सबसे ज़्यादा खराब हैं। सोमवार को इन जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भीषण गर्मी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


हीटवेव से अलर्ट मोड पर प्रशासन
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और कई स्थानों पर धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। दिन के समय लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और अमरोहा जैसे जिलों में गर्म रातों की चेतावनी दी गई है।

राजधानी लखनऊ सहित 35 जिलों में लू का अलर्ट
लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद समेत यूपी के कुल 35 जिलों में लू का खतरा मंडरा रहा है। राजधानी में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। हीटवेव के साथ-साथ गर्म रातों की दोहरी मार लोगों को झेलनी पड़ रही है।
एटा, कांशीराम नगर, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में येलो अलर्ट जारी है। सोमवार को झांसी और आगरा का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कानपुर में यह 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
11 जून से मिल सकती है गर्मी से राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। लेकिन 11 जून से पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 12 से 15 जून के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में अभी अगले 24 घंटों में तापमान में 2 डिग्री की और बढ़ोतरी का अनुमान है, इसके बाद हालात कुछ सामान्य हो सकते हैं।

