HDFC Bank Viral Video: ‘ठाकुर हूं मैं…’ ग्राहक से भिड़ीं महिला कर्मचारी, अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कानपुर के पनकी स्थित HDFC बैंक शाखा का बताया जा रहा वीडियो, महिला कर्मचारी आस्था सिंह पर जातिसूचक टिप्पणी और दुर्व्यवहार का आरोप, कार्रवाई की मांग तेज
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से HDFC बैंक की एक महिला कर्मचारी और ग्राहक के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला पनकी क्षेत्र स्थित HDFC बैंक शाखा का है, जहां महिला कर्मचारी आस्था सिंह ग्राहक पर भड़कती नजर आ रही हैं।


वायरल वीडियो में महिला कर्मचारी ग्राहक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करती दिखाई दे रही हैं। इतना ही नहीं, गुस्से में वह ग्राहक की ओर लैपटॉप फेंकने का प्रयास भी करती हैं, जिसे मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी रोकते नजर आते हैं।
करीब 33 सेकंड के इस वीडियो में महिला कर्मचारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है — “अपने पति को समझाओ… ऐसी की तैसी… ठाकुर हूं मैं… ठाकुर हूं मैं।”
इसके बाद जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

वीडियो वायरल होने के बाद लोग बैंक प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक न तो HDFC बैंक की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है और न ही पुलिस कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकी है।
कर्मचारी के समर्थन में भी उतरे कुछ यूजर

जहां एक ओर बड़ी संख्या में लोग महिला कर्मचारी के व्यवहार की निंदा कर रहे हैं, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स उनके समर्थन में भी सामने आए हैं।
@KshatriyaItihas नाम के यूजर ने दावा किया कि वायरल क्लिप अधूरी है और वीडियो की शुरुआत में ग्राहक के पति ने पहले कर्मचारी के साथ अभद्रता की थी।
वहीं, @MayankS24261579 ने HDFC बैंक को टैग करते हुए लिखा कि यदि बैंक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता, तो ऐसी जगह खाता खोलना ठीक नहीं, जहां ग्राहकों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त किया जाता हो।
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर गरमाया हुआ है और लोग बैंक प्रशासन से स्पष्ट जवाब और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
