हाथरस की लुटेरी दुल्हन : शादी के दो दिन बाद ही लाखों के नकदी, आभूषण लेकर भागी दुल्हन
मुरसान थाना क्षेत्र का मामला, हाथरस के मंदिर में 28 फरवरी को ही हुई थी शादी
पति ने थाने में दी तहरीर, पुलिस कर रही बिचौलिये से पूछताछ
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र में शादी के दो दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन ससुरालवालों को चकमा देकर लाखों के नकदी, आभूषण लेकर फरार हो गई। आपको बता दें कि अभी पिछले 28 फरवरी को ही हाथरस के मंदिर में बदायूं की युवती से शादी हुई थी। घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस शादी करनेवाले दो बिचौलियों से पूछताछ कर रही है।


भुक्तभोगी दूल्हे ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने 28 फरवरी को हाथरस के एक मंदिर में बदायूं क्षेत्र की रहने वाली युवती से शादी की थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर घर आ गया। दो दिन के बाद ही उसकी पत्नी देर रात तीन बजे घर में रखे लाखों रुपए के जेवर और नकदी आदि लेकर फरार हो गई।

अब पुलिस ने शादी करानेवाले बिचौलियों को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी बदायूं की युवती से 15 दिन पहले मुलाकात हुई। इसके बाद उसने एक अन्य बिचौलिये की मदद से दोनों की शादी कराई थी। पुलिस अब युवती की तलाश कर रही है। पुलिस को शक है कि युवती लुटेरी दुल्हन गैंग की सदस्य हो सकती है।

