Movie prime
PMC_Hospital

Ghazipur Weapon Smuggling: एमपी से गाजीपुर पहुंची अवैध हथियारों की बड़ी खेप

स्वाट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: कैथवलिया पुलिया के पास डिलीवरी से पहले दबोचे गए 19-20 साल के तीन युवक; खंडवा-बुरहानपुर से जुड़े तार

Ad

 
vfc
WhatsApp Group Join Now

Ad

गाजीपुर / भदैनी मिरर: गाजीपुर जिले की स्वाट (SWAT) टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध असलहा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 38 अवैध असलहों के साथ तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर इलाके से हथियारों की खेप लाकर पूर्वांचल में आपूर्ति करने की फिराक में थे, लेकिन डिलीवरी से ठीक पहले पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

Ad

कैथवलिया पुलिया के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बुधवार रात मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कुछ अंतरराज्यीय तस्कर बाइक के साथ कैथवलिया पुलिया के पास असलहों की डिलीवरी देने आए हैं।

सूचना पर तत्काल हरकत में आई कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। पुलिस की आहट मिलते ही बाइक के पास खड़े तीन युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को दबोच लिया।

पिट्ठू बैग से निकले 18 पिस्टल, 19 तमंचे और 18 कारतूस

पकड़े गए आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी और उनके पिट्ठू बैग खंगालने पर भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए:

  • रतन विश्वकर्मा: इसके पास से 0.32 बोर की एक पिस्टल, 5 कारतूस तथा बैग से 6 पिस्टल व 7 देशी तमंचे मिले।

  • रवि कुमार: इसके पास से 1 पिस्टल, 6 कारतूस और बैग से 5 पिस्टल व 6 तमंचे बरामद हुए।

  • अभिषेक कुमार: इसके पास से 9mm की एक पिस्टल, 2 कारतूस और बैग से 5 पिस्टल (0.32 बोर) व 6 देशी तमंचे मिले।

कुल मिलाकर पुलिस ने 18 पिस्तौल, 19 देशी तमंचे, 18 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

19 से 20 साल के हैं तस्कर, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों में रतन विश्वकर्मा व रवि कुमार ग्राम भदौरा (थाना गहमर) तथा अभिषेक कुमार ग्राम फुल्ली (थाना दिलदारनगर) के निवासी हैं। तीनों तस्करों की उम्र महज 19 से 20 वर्ष के बीच है।

आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कप्तान ने बताया कि इस सिंडिकेट से जुड़े दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमपी से लाई गई यह खेप पूर्वांचल में किन-किन लोगों को सप्लाई की जानी थी।