
फरीदाबाद में सनसनीखेज वारदात : पिता ने तीन बच्चों का गला घोंटने के बाद लगाई फांसी
पति-पत्नी के विवाद में मायकेवालों के दखल का खतरनाक नतीजा़



नेकपुर गांव में हुई घटना, पिता और दो बच्चों की मौत, एक बच्ची की हालत गंभीर
मौत से पहले कर्मवीर ने बनाया था वीडियो, पत्नी और उसकी बहनो और भाई को ठहराया मौत का जिम्मेदार
फरीदाबाद। फरीदाबाद के नेकपुर गांव में शुक्रवार को मायकेवालों के अनावश्यक हस्तक्षेप के चलते एक परिवार के मुखिया समेत तीन लोगों की जिंदगियां खत्म हो गई। पत्नी से चल रहे विवाद में उसकी बहनों और भाई के दखल और फर्जी मुकदमें ने 32 साल के कर्मवीर की मानसिक स्थिति डवांडोल कर दी। गुरूवार की रात पिता कर्मवीर ने अपने तीन 3 बच्चों का गला घोंट दिया और खुद फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। इस घटना में कर्मवीर और दो बच्चियों की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती एक बेटी की हालत गंभीर है। मौत से पहले कर्मवीर ने एक वीडियो बनाया है। इसमें उसने अपनी पत्नी, उसकी तीन बहनों व भाई को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।


यह घटना फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र में हुई। बताया जाता है कि कर्मवीर ने पहले बच्चियों का गला घोंट दिया। तीनों को मरा समझकर कर्मवीर खुद भी फंदे से लटक गया। शुक्रवार अल-सुबह लगभग 5 बजे परिवार के लोगों ने देखा तो 8 वर्षीय निशांत व 6 वर्षीया सृष्टि की सांसे चल रही थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी।

मौके पर मृत मिले कर्मवीर और 10 साल की छवि के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। लेकिन बाद में छह साल की सृष्टि की भी मौत हो गई। बच्चों का गला घोंटकर आत्महत्या से पहले कर्मवीर ने वीडियो बनाई थी। इसमें उसने पत्नी, उसकी बहनों व भाई को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस का कहना है कि कर्मवीर का पत्नी चंचल से विवाद चल रहा था। जांच में पता चला कि पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया।


