पारिवारिक कलह ने ले ली दम्पती की जान, पति ट्रेन से कटमरा और फांसी पर लटकी मिली पत्नी की लाश
फिरोजाबाद में करवाचौथ के दूसरे दिन शनिवार की सुबह हुई सनसनीखेज वारदात
पति की ट्रेन से कटमर मौत पहुंचे परिजन, लौटे तो घर में लटकी मिली निशा की लाश
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के मटसेना क्षेत्र के दबरई गांव में पारिवारिक विवाद ने पति-पत्नी के जीवन का अंत कर दिया। पत्नी से विवाद के बाद शनिवार सुबह 25 वर्षीय युवक ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद इधर, घटन की युवा पत्नी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता मिला। इनकी ढाई माह की बच्ची थी जो अनाथ हो गई।


जानकारी के अनुसार दबरई गांव निवासी मजदूर प्रमोद कुमार पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर शनिवार की सुबह घर से निकल गया था। सुबह करीब नौ बजे ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। प्रमोद की आत्महत्या की खबर मिलने पर जब ग्रामीण उसके घर पहुंचे तो वहां उसकी पत्नी निशा का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे पर लटका मिला। परिजन व ग्रामीण निशा को तत्काल अस्पताल लेकर गए वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतका निशा की मौत का कारण अभी स्पष्ट नही है। प्रमोद और निशा की शादी दो वर्ष पहले जसराना के बेंत गांव में हुई थी। दोनों परिवार से अलग रहते थे। घरवालों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कुछ समय से तनाव चल रहा था और शनिवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद प्रमोद ने आत्महत्या कर ली। उधर, घटना की सूचना पर निशा के मायकेवाले पहुंचे। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की। युवा दम्पती कि मौत से पूरा गांव सदमे में है। परिवारवालों ने बताया कि निशा ने एक दिन पहले ही पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखा था। इस दौरान दोनों में ऐसा क्या विवाद हुआ कि प्रमोद ने ट्रेन से कटकर तो निशा ने फांसी लगा ली, लगाया गया? पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से निशा की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

