ठेकेदार से 50 हजार घूस लेते पूर्व सैनिक निगम का लेखा लिपिक गिरफ्तार
मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने ठेकेदार की शिकायत पर की कार्रवाई
डेढ़ लाख रूपये के भुगतान के लिए मांगा था घूस
मेरठ। यूपी के मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने गुरूवार को पूर्व सैनिक कल्याण निगम के लेखा लिपिक शक्ति मलिक को ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उसने ठेकेदार के डेढ़ लाख रूपये बिल पास करने के एवज में घूस मांगे थे। ठेकेदार की शिकायत पर जैसे ही एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोचा और उसे अहसास हुआ कि सही में वह जाल में फंस गया है तो उसकी हवा सूख गई। ईमानदारी के कसीदे पढ़ने लगा। लेकिन टीम ने उसकी एक न सुनी।


जानकारी के अनुसार सरधना थाना क्षेत्र के भरवाड़ा गांव के रहनेवाले ठेकेदार संजीव शर्मा ने दो दिन पहले एंटी करप्शन विभाग टीम से शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार ने बताया कि वह सरकारी विभागों में स्टेशनरी और फर्नीचर सप्लाई करता है। हाल ही में उसने कंकरखेड़ा डिफेंस कॉलोनी स्थित नगर निगम कार्यालय में भी स्टेशनरी और फर्नीचर का सामान सप्लाई किया था। इस सप्लाई का बिल पास कराने के लिए मुजफ्फरनगर के थाना भोरा कला निवासी लेखा लिपिक शक्ति मलिक द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। आरोप लगाया कि रिश्वत न देने पर लेखा लिपिक बिल पास करने से इनकार कर रहा था।

ठेकेदार की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। गुरूवार की सुबह ठेकेदार संजीव शर्मा नगर निगम कार्यालय पहुंचा और लेखा लिपिक शक्ति मलिक को रिश्वत की 50 हजार रुपये की राशि दी, तभी घात लगाए एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन की टीम गिरफ्तार लेखा लिपिक शक्ति मलिक को थाने ले गई।

