मां विंध्यवासिनी के दरबार में उमड़ा भक्तों का सैलाब, जयकारों से गूंजने लगा मंदिर परिक्षेत्र
बालक, वृद्ध, युवा और महिलाएं मां की एक झलक पाने के लिए हैं बेताब, झांकी दर्शन कर भक्त हो रहे निहाल
सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये, ड्रोन कैमरे से हो रही निगरानी
वाराणसी, भदैनी मिरर। यूपी के मिर्जापुर जिले में स्थित माता विंध्यवासिनी के दरबार में वासंतिक नवरात्र मेला शुरू हो गया। बुधवार की रात से ही माता के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में भक्त पहुंचने लगे। गुरूवार को पहले दिन मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और आसपास का इलाका मां विध्यवासिनी के जयकारों से गुंजायमान हो चुका है। न्यू वीआईपी गेट के पास से मंदिर तक लाइन में लगकर भक्त मां के दर्शन कर रहे हैं।



बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं लाइन में लगकर मां की एक झलक पाने को बेताब हैं। भीड़ अधिक है इसलिए दर्शनार्थियों को मां का झांकी दर्शन ही लोग कर पा रहे हैं। पुराने वीआईपी गेट पर भी वीआईपी लोगों के दर्शन पूजन करने का सिलसिला जारी है। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वासंतिक नवरात्र मेला 27 मार्च तक चलेगा। इस दौरान भक्तजन 20 घंटे मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर सकेंगे। देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा व काली खोह मंदिर के साथ ही मेला क्षेत्र में व्यापक फोर्स की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन व 21 सेक्टरो में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन एएसपी, 20 सीओ के अलावा 50 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, दो कंपनी पीएसी सहित कुल तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

बम निरोधक दस्ता, डाग स्क्वायड, 190 एआइ सीसीटीवी कैमरों के साथ ही आठ ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। दस स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ ही 21 जगहों पर वाहन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वाहन चालकों से मनमाना वसूली न हो सके, इसलिए पार्किंग स्थल पर रेट लिस्ट लगाने का निर्देश दिया गया है। आपको बता दें कि मां विंध्यवासिनी के शृंगार व आरती का समय निर्धारित है। इसके तहत भोर में 3.00 से 4.00 बजे तक मंगला आरती, दोपहर 12.00 से 1.00 बजे तक मध्याह्न आरती, शाम 7.15 से 8.15 बजे तक संध्या आरती और रात 9.30 से 10.30 बजे तक बड़ी आरती शुरू हो चुकी है।

