जानलेवा कफ सिरप कांड : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद बोले-जांच हो रही, सामने आएगी सच्चाई
वाराणसी पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्ष ने कफ सिरप कांड में सत्ता पर उठाये हैं सवाल, न्यायिक जांच की मांग
वाराणसी, भदैनी मिरर। जानलेवा कोडीन सिरप कांड में माफिया सरगनाओं और सफेदपोशों के संरक्षण के आरोप सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ गई है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह के आरोपों के बाद शनिवार को वाराणसी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने भी बोला। सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान कहाकि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। सारी सच्चाई सामने आएगी।


आपको बता दें कि कोडीनयुक्त सिरप से मध्य प्रदेश में 20 बच्चों की जान चले जाने के बाद मामले की जांच में तेजी आई है। यूपी में भी कार्रवाईयां हो रही हैं। इस मामले में यूपी एसटीएफ ने दो दिन पहले जौनपुर के मूल निवासी और वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल में ठिकाना बनाये काले कोटधारी अमित सिंह टाटा को गिरफ्तार किया है। कफ सिरप मामले में अमित का करीबी और कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल परिवार समेत फरार है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और चंदौली सांसद इस मामले को लेकर सत्ता पर निशाना साधा है और न्यायिक जांच की मांग की है। इसी बीच वाराणसी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से कहाकि मामले की जांच की जा रही है।

लगे हाथ उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस जातिवाद न करे। वहीं एसआईआर के विरोध पर कहा कि यह उनका अधिकार है। वह इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत करें। यह भी कहा कि भाजपा एसआईआर के पक्ष में है। एसआईआर में समय बढ़ाने की मांग करना सरकार का विषय नही है। राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए। केशव प्रसाद ने कहाकि विपक्षी दलों पर तुष्टिकरण का चश्मा लगा हुआ है। यह लोग माफियाओं के विकास चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बाबर के नाम पर एक भी मस्जिद नहीं बननी चाहिए।

