Census 2027 UP: उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, घर बैठे se.census.gov.in पर भर सकेंगे परिवार का विवरण
जनगणना निदेशक शीतल वर्मा ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस; 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या एवं जाति गणना; नहीं मांगा जाएगा कोई दस्तावेज या OTP
भदैनी मिरर स्टेट/यूपी डेस्क, लखनऊ/वाराणसी। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 (Census 2027) को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जनगणना निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी, उत्तर प्रदेश श्रीमती शीतल वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनगणना की रूपरेखा, ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया तथा जनसंख्या एवं जाति गणना से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महायज्ञ में सक्रिय सहयोग करने और सही जानकारी देने की अपील की है।


गौरतलब है कि वर्ष 2027 की यह जनगणना देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। इसके पहले चरण यानी मकानसूचीकरण (HLO) का कार्य यूपी में 22 मई से 20 जून 2026 के बीच सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
16 से 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन 'स्व-गणना' (Self-Enumeration)
श्रीमती वर्मा ने बताया कि पहली बार आम नागरिकों को प्रगणक के घर आने से पहले खुद ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है:
-
कब और कहां करें: 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे जानकारी भर सकता है।
-
SE ID संभाल कर रखें: ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करने के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) जनरेट होगी। इसे सुरक्षित रखें और जब प्रगणक घर आएं तो उन्हें यह आईडी दिखाएं, ताकि वे मोबाइल ऐप के जरिए आपका डेटा फेच कर अंतिम रूप से सबमिट कर सकें।
-
लोकेशन पिन का ध्यान: मोबाइल से स्व-गणना करते समय अपने घर पर मौजूद रहकर ही "Current Location" विकल्प के जरिए सही 'Pin Drop' करना अनिवार्य है।
(नोट: स्व-गणना एक वैकल्पिक सुविधा है। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, उनके घर प्रगणक स्वयं जाकर मोबाइल ऐप के जरिए विवरण दर्ज करेंगे।)
1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगी जनसंख्या एवं जाति गणना
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या और जाति गणना का कार्य करेंगे।
-
कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे: इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से 40 निर्धारित प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं जाति, दिव्यांगता, भाषा, शिक्षा, व्यवसाय, आर्थिक गतिविधि और प्रवास आदि से जुड़े विवरण शामिल होंगे।
-
संदर्भ तिथि और बेघरों की गणना: जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की रात्रि 00:00 बजे तय की गई है। वहीं, फुटपाथों, पुलों के नीचे या खुले स्थानों पर रहने वाले बेघर लोगों की गणना 4 जनवरी 2027 की रात्रि में विशेष अभियान चलाकर की जाएगी।
कोई दस्तावेज या OTP नहीं मांगा जाएगा, पूरी तरह गोपनीय रहेगी जानकारी
जनगणना निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत प्रत्येक परिवार की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
-
जनगणना का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए सटीक आंकड़े जुटाना है।
-
इसका नागरिकता या टैक्स निर्धारण से कोई संबंध नहीं है।
-
जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से कोई दस्तावेज या मोबाइल OTP नहीं मांगा जाएगा।
यूपी में 5.60 लाख प्रगणक संभालेंगे मोर्चा
प्रदेश के सभी 75 जिलों, 350 तहसीलों, 783 वैधानिक नगरों और 1,04,004 गांवों में इस कार्य के लिए लगभग 4.80 लाख गणना ब्लॉक (EB) बनाए गए हैं। इस विशाल अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रदेश भर में लगभग 5.60 लाख प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती की जा रही है।
