50 हजार के इनामिया पशु तस्कर अफसार अहमद गुजरात से गिरफ्तार, यूपी STF ने की कार्रवाई
वर्ष 2023 में सैयदराजा थाने में पशु तस्करी के मामले में पकड़ा गया था अफसार का ट्रक
इनाम घोषित होने के बाद गुजरात में ही छिपकर रहने लगा था, कौशाम्बी का रहनेवाला है आरोपित
वाराणसी, भदैनी मिरर। यूपी STF ने बुधवार को चंदौली के सैय्यदराजा थाने में दो साल पहले धारा-3/5ए/5 बी/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में वांछित और 50,000 रूपये के इनामिया अफसार अहमद सिद्दीकी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। अफसार अहमद सिद्दीकी कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर सैलाबी का रहनेवाला है। एसटीएफ ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस के आधार पर उसे गुजरात के आईरोमेगा इंडस्ट्रीज, जीआईडीसी वटवा, गेट के सामने से गिरफ्तार किया है।


एसटीएफ फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज टीम को अफसार अहमद सिद्दीकी के बारे में जानकारी मिली। पता चला कि अफसार अहमद सिद्दीकी गुजरात के अहमदाबाद में कहीं छिपकर रह रहा है। इस सूचना पर उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षीगण राजेश कुमार, अश्वनी कुमार, किशनचन्द्र व आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय की टीम द्वारा आईरोमेगा इंडस्ट्रीज, जीआईडीसी वटवा, गेट के सामने पहुंची। सटीक जानकारी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अफसार अहमद ने बताया गया कि वह मूलरूप से जनपद कौशाम्बी का रहने वाला है और वह गुजरात में रहकर ट्रक चलाने का काम करता है। वहीं उसने पुराना ट्रक खरीदा था। उसने इस ट्रक को 45,000 रूपये प्रतिमाह के हिसाब से एग्रीमेंट पर चलाने के लिए गुजरात में रह रहे प्रतापगढ़ जिले के कांछा बाजार, शमशेरगंज के अनुभव तिवारी उर्फ राहुल को दिया था। उस वाहन पर 28 अक्टूबर 2023 को 18 गोवंश लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसे सैयदराजा पुलिस द्वारा एनएच-2 हाइवे नौबतपुर के पास चेकिंग के दौरान पकड़ लिया था। लेकिन चालक मौके से फरार हो गया था। इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज था। जांच में अफसार अहमद का नाम प्रकाश में आया था। बाद में अफसार के खिलाफ 50,000 रूपये का इनाम घोषित हो गया तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात में ही छिपकर रहने लगा। आरोपित अफसार को गुजरात के जीआईडीसी वटवा थाना में दाखिल कराने के बाद एसटीएफ उसे कोर्ट में पेश किया और ट्रांजिट रिमाण्ड पर ले आई।

