Movie prime
PMC_Hospital

सरकार बनते ही 90 दिनों में कराएंगे जातीय जनगणना, 69000 शिक्षक भर्ती में देंगे पूरा आरक्षण: अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav PDA Audit: अखिलेश यादव ने जारी की 'लाल किताब', भाजपा पर लगाया 22 सरकारी भर्तियों में 11,514 पदों के आरक्षण घोटाले का आरोप।

Ad

 
akhilesh yadav
WhatsApp Group Join Now

Ad

लखनऊ (भदैनी मिरर): समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी है। अखिलेश यादव ने 'संविधान बचाओ-आरक्षण बचाओ' के नारे के साथ 'PDA ऑडिट अंक-1' नाम से एक विस्तृत आरोप पत्र और लाल रंग की पुस्तक (पीडीए आरक्षण घोटाला पुस्तक) जारी की। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए एलान किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पहले 90 दिनों के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी और 69,000 शिक्षक भर्ती के पीड़ित अभ्यर्थियों को उनका पूरा हक दिया जाएगा।

Ad
Ad

22 भर्तियों में 11,514 पदों के आरक्षण की लूट: अखिलेश यादव

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो ने आंकड़ों की 'लाल किताब' मीडिया के सामने रखी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक कुल 22 सरकारी भर्तियों में आरक्षण के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई हैं। इन गड़बड़ियों के जरिए पिछड़े (OBC), दलित (SC) और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के कुल 11,514 पदों को लूटा गया है।

Ad

अखिलेश यादव ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश की चर्चित 69,000 सहायक शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा:

"इस अकेले शिक्षक भर्ती में ओबीसी (OBC) वर्ग का 23.14 प्रतिशत और एससी (SC) वर्ग का 4.8 प्रतिशत आरक्षण का हक मारा गया है। यह कुल मिलाकर 7,933 पदों की सीधी डकैती है। आरक्षण कोई खैरात या भिक्षा नहीं, बल्कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर द्वारा दिया गया संवैधानिक अधिकार है। अगर भाजपा को लगता है कि हमारे आंकड़े गलत हैं, तो वह खुद सही डेटा जनता के सामने रखे।"

लेटरल एंट्री के जरिए चहेतों को नौकरी देने का आरोप

भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जानबूझकर आरक्षण व्यवस्था को निष्प्रभावी और खत्म करने की साजिश रच रही है। युवाओं को नौकरियों से दूर रखने के लिए बजट खर्च नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रशासनिक सेवाओं के शीर्ष और महत्वपूर्ण पदों पर बिना परीक्षा के सीधे 'लेटरल एंट्री' के जरिए अपने चहेते लोगों को बैठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के युवाओं को न्याय पाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़े और कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़े, तो यह साफ है कि वर्तमान सरकार पक्षपाती है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

Ad

हर गांव और घर तक पहुंचेगी 'लाल किताब'

आगामी चुनावों को देखते हुए अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का नया मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता हर बूथ पर सिर्फ 5 नए वोट भी जोड़ने में कामयाब रहे, तो सूबे से भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है।

सपा मुखिया ने एलान किया कि समाजवादी पार्टी आगामी एक हफ्ते के भीतर इस 'आरक्षण घोटाला पुस्तक' को उत्तर प्रदेश के हर गांव और हर घर तक पहुंचाएगी, ताकि जनता के बीच भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने यह भी साफ किया कि इस ऑडिट का दूसरा अंक भी जल्द ही जारी किया जाएगा।

मजाकिया अंदाज में पत्रकारों से बोले अखिलेश

हमेशा की तरह प्रेस वार्ता के अंत में अखिलेश यादव का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। भाजपा पर मुद्दों को भटकाने का आरोप लगाने के बाद उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में वहां मौजूद पत्रकारों से संवाद किया। अखिलेश ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वे मीडियाकर्मियों की किसी बात को दिल पर नहीं लेंगे और न ही उनकी किसी बात से उन्हें कोई ठेस पहुंचेगी।