UP Budget 2026-27: कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च होगा 27% बजट, योगी सरकार देगी 10 लाख रोजगार
₹9.12 लाख करोड़ के यूपी बजट में युवाओं, किसानों और महिलाओं पर फोकस; 43 हजार करोड़ से अधिक की नई योजनाओं का ऐलान
लखनऊ,भदैनी मिरर ब्यूरो। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा ₹9.12 लाख करोड़ का बजट पेश करते हुए विकास, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण को केंद्र में रखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बजट को प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं, किसानों व महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।


सरकार के मुताबिक कुल बजट का 27 प्रतिशत से अधिक हिस्सा कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर खर्च किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट का 12.4 प्रतिशत शिक्षा, करीब 6 प्रतिशत स्वास्थ्य सेवाओं और लगभग 9 प्रतिशत कृषि एवं संबंधित योजनाओं के लिए निर्धारित किया गया है।
10 लाख रोजगार का लक्ष्य

रोजगार सृजन को बजट की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। सरकार ने प्रदेश में 10 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए औद्योगिक निवेश बढ़ाने, इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के विस्तार और स्टार्टअप व एमएसएमई सेक्टर को प्रोत्साहन देने की योजना बनाई गई है।

सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को ₹5 लाख तक का बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण देने की घोषणा की गई है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य को मजबूती
शिक्षा क्षेत्र में मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने के लिए ₹400 करोड़, जबकि फ्री टैबलेट और स्मार्टफोन योजना के लिए ₹2,374 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में 16 नए मेडिकल कॉलेज खोलने और तीन नई यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना भी बजट में शामिल है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ मेडिकल एजुकेशन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
महिला सशक्तिकरण पर फोकस
महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को ₹51 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि इससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ा सहारा मिलेगा।
ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की ओर यूपी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की छवि बदली है और बजट का आकार तीन गुना से अधिक बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि बिना नए टैक्स लगाए राज्य की आय में इजाफा किया गया है।
सरकार के अनुसार यह बजट “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम” की थीम पर आधारित है और उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे ले जाने वाला साबित होगा।
