जलशक्ति मंत्री को महोबा में घेरनेवाले BJP विधायक बृजभूषण राजपूत को पार्टी ने जारी की अनुशासनहीनता की नोटिस
विधायक ने कहा-जब से बीजेपी सदस्य बना अनुशासन में ही रहता हूं, शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष करेंगे मुलाकात
भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जारी की नोटिस, मांगा सात दिन के अंदर जवाब
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का महोबा में घेराव करने वाले भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजभूषण राजपूत की मुश्किल बढ़ने वाली है। सैकड़ों समर्थकों के साथ कैबिनेट मंत्री का घेराव करने को भाजपा उत्तर प्रदेश ने विधायक के कृत्य को अनुशासनहीनता माना है। बृजभूषण राजपूत को भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नोटिस जारी किया है। साथ ही उनसे सात दिन के अंदर जवाब भी मांगा गया है। हालांकि बृजभूषण राजपूत ने नोटिस मिलने से इनकार किय है और कहाकि वह प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष पंकज चौधरी से शनिवार को मुलाकात करेंगे।


आपको बता दें कि 30 जनवरी को मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटते समय चरखारी विधायक बृजभूषण सिंह ने उनके काफिले को रोक लिया। इससे पार्टी नेतृत्व के सामने असहजता जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे सम्बंधित वीडियो देशभर में खूब वायरल हुआ और मीडिया की सुर्खियां बनीं। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को रोकने के बाद भाजपा विधायक का एक और वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि अगर जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री को भी रोकेंगे। बंधक बनाना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। यह मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जनता और विकास से जुड़ा मुद्दा है। वायरल वीडियो में चरखारी विधायक कहते दिखाई दे रहे हैं कि मैं अपनी बात सड़क पर रख रहा हूं। इसमें किसी को क्यों आपत्ति है।

आप सब का आशीर्वाद था, तो मंत्री जी को रोका है। बात जनता की और विकास की है। मैंने सड़क पर अपनी बात रखी तो कुछ लोगों को दिक्कत क्यों हो रही है। किसी ठेके, पट्टे या पदोन्नति की मांग नहीं कर रहे बल्कि केवल क्षेत्र की समस्याएं उठा रहे हैं। ऐसे में मुझे गलत ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहाकि कांग्रेस सरकार के दौर में जो अधिकारी काम नहीं करता था, उन्हें चूड़ियां पहनवा देते थे। बंधक बनाना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। विधायक ने कहा कि यह मेरा विधायक वाला रूप है। विधायक बनने से पहले मैं बुंदेलखंड अधिकार सेना चलाता था और बाद में भाजपा का सदस्य बना। जब से भाजपा का सदस्य बना हूं, मैं पार्टी के अनुशासन में रहता हूं।

