बिकरू कांड: विकास दुबे गैंग का सफाया करने वाली पुलिस टीम को मिलेगा गैलेंट्री अवॉर्ड, 10 नाम भेजे गए
आईजी मोहित अग्रवाल और एसएसपी दिनेश कुमार पी समेत 10 बहादुर पुलिसकर्मियों का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया, दो शहीद सिपाहियों को मरणोपरांत सम्मान

कानपुर। कुख्यात विकास दुबे और उसके गैंग का सफाया करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को अब गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित करने की तैयारी शुरू हो गई है। पांच साल पहले हुए बिकरू कांड के बाद कार्रवाई में शामिल तत्कालीन आईजी मोहित अग्रवाल और एसएसपी दिनेश कुमार पी समेत 10 पुलिसकर्मियों के नाम अवॉर्ड के लिए भेजे गए हैं। पुलिस मुख्यालय की संस्तुति के बाद यह प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा।



सूत्रों के अनुसार, बिकरू कांड में शहीद हुए दो सिपाहियों को मरणोपरांत गैलेंट्री अवॉर्ड देने की प्रक्रिया भी चल रही है।
क्या हुआ था बिकरू कांड?
2 जुलाई 2020 की रात चौबेपुर पुलिस ने बिकरू गांव के कुख्यात अपराधी विकास दुबे के घर दबिश दी थी। उसकी खिलाफ गांव के ही राहुल तिवारी द्वारा हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज था। पुलिस टीम में 50–60 जवान शामिल थे, लेकिन दबिश की सूचना पहले ही विकास दुबे को मिल चुकी थी।
विकास और उसके साथियों ने छतों पर अत्याधुनिक हथियार, राइफल और बंदूकों के साथ मोर्चा संभाल लिया था। पुलिस टीम के पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसमें सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए।

एनकाउंटर ऑपरेशन और पुलिस की बहादुरी
घटना के बाद तत्कालीन आईजी मोहित अग्रवाल और एसएसपी दिनेश कुमार पी ने मोर्चा संभाला। इनके निर्देशन में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और:
- 3 से 10 जुलाई 2020 के बीच विकास दुबे समेत 6 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।
- जवाबी गोलीबारी में एसएसपी दिनेश कुमार पी की जैकेट में गोली लगी, जबकि आईजी मोहित अग्रवाल के कान को छूते हुए गोली निकल गई।
- सिपाही दुर्गेश मणि घायल हुए थे।
इसी असाधारण साहस और नेतृत्व को देखते हुए इनका नाम गैलेंट्री अवॉर्ड के लिए भेजा गया है।

इन 10 पुलिसकर्मियों का प्रस्ताव भेजा गया
- आईजी मोहित अग्रवाल
- एसएसपी दिनेश कुमार पी
- सपी डॉ. अनिल कुमार
- इंस्पेक्टर अजय कुमार सेठ
- इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह
- इंस्पेक्टर हरमीत सिंह
- इंस्पेक्टर रवि श्रीवास्तव
- सिपाही दुर्गेश मणि त्रिपाठी (घायल)
- सिपाही राहुल कुमार दिवाकर (मरणोपरांत)
- सिपाही बबलू कुमार (मरणोपरांत)
इन आठ पुलिसकर्मियों ने दी थी शहादत
- देवेंद्र मिश्रा (सीओ बिल्हौर)
- महेश यादव (एसओ शिवराजपुर)
- अनूप सिंह (चौकी प्रभारी मंधना)
- नेबू लाल (सब इंस्पेक्टर)
- जितेंद्र पाल (सिपाही)
- सुल्तान सिंह (सिपाही)
- बबलू कुमार (सिपाही)
- राहुल कुमार (सिपाही)
विकास दुबे गैंग के ये अपराधी ढेर किए गए
- विकास दुबे – 10 जुलाई (सचेंडी)
- अतुल दुबे – 3 जुलाई (कांशीराम निवादा)
- प्रेम प्रकाश दुबे – 3 जुलाई
- प्रभात मिश्रा – 8 जुलाई (पनकी)
- अमर दुबे – 8 जुलाई (हमीरपुर)
- प्रवीण उर्फ बऊआ दुबे – 9 जुलाई (इटावा)

