सपा नेता आजम खां को बड़ा झटका, ED ने 4 दिन की रिमांड पर लिया; इससे पहले डासना जेल में शिवपाल यादव ने की थी मुलाकात
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार ने मंजूर की रिमांड अर्जी, 16 नवंबर को दोबारा कोर्ट में पेश करने का आदेश।
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें चार दिन की कस्टडी रिमांड पर ले लिया है। बृहस्पतिवार को गाजियाबाद की विशेष अदालत ने ईडी की अर्जी पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया। अदालत ने रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आजम खां को आगामी 16 नवंबर को दोबारा कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया है।


5 दिन की मांगी थी रिमांड, कोर्ट ने 4 दिन की दी मंजूरी
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने आजम खां से पूछताछ के लिए अदालत में अर्जी दाखिल कर पांच दिन की रिमांड की मांग की थी। पीठासीन अधिकारी अवनीश कुमार के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई संबद्ध कोर्ट में हुई। विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आजम खां को चार दिन की ईडी रिमांड पर भेजने का आदेश पारित किया।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 नवंबर को ईडी अदालत ने आजम खां को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में गाजियाबाद की डासना जेल भेजा था। उन्हें 13 नवंबर को जेल से अदालत में पेश होना था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही ईडी ने उन्हें रिमांड पर ले लिया। बता दें कि हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
रिमांड से पहले शिवपाल यादव ने जेल में की मुलाकात, सरकार पर साधा निशाना
ईडी की रिमांड मिलने से कुछ ही घंटे पहले बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव डासना स्थित जिला कारागार पहुंचे और आजम खां से मुलाकात की। जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए जेल प्रशासन की व्यवस्था और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने गहरी नाराजगी जताई और कहा कि जो व्यक्ति 10 बार विधायक, 4 बार कैबिनेट मंत्री और 2 बार सांसद रह चुका हो, उसके साथ जेल में प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन करते हुए अमानवीय बर्ताव किया जा रहा है। शिवपाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पार्टी के इतने वरिष्ठ नेता से लोहे की जाली (वायर मेश) के पार से मिलवाया गया। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन सभी ज्यादतियों का हिसाब किया जाएगा।
