संदिग्ध हालात में BHU के छात्र की मौत, राजस्थान का रहनेवाला था अनिल मीणा
बीएचयू के दक्षिणी परिसर का छात्र था अनिल, रात में अचानक हुआ सीने में दर्द

वाराणसी, भदैनी मिरर। मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित BHU के दक्षिणी परिसर के एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसे वाराणसी के कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल लाया गया था। पुलिस और बीएचयू प्रशासन ने उसके परिवारवालों को सूचित किया है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। अभी उसके परिजनों के आने का पुलिस इंतजार कर रही है, क्योंकि उसके बाद भी पंचानामा की कार्रवाई होगी। इधर, छात्र की अचानक मौत से साथी छात्र स्तब्ध है। शोकाकुल छात्र मर्चरी पर जुटे हैं।



जानकारी के अनुसार छात्र का नाम अनिल मीणा (23) है। वह राजस्थान का रहनेवाला है। वरिष्ठ फिजीशियन डॉक्टर सुनील सिंह ने बताया कि छात्र को कल रात में सीने में दर्द हुआ था। उसने दवा ली थी। सुबह फिर से दर्द हुआ उसने पुनः दवा ली। इसके बाद उसे मंडलीय अस्पताल लाया गया। यहां आते ही उसकी स्थिति बिगड़ गई और उसे उल्टी होने लगी। यहां उसका उपचार किया गया। लेकिन उसकी मौत हो गई। उसकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। लेकिन इतनी कम उम्र में उसकी हार्ट अटैक से मौत लोगों के गले के नीचे नही उतर रही है। लोगों का मानना है कि दवा का रियेक्शन या अन्य कारण भी हो सकता है।


