Movie prime
PMC_Hospital

बस्ती: 10 हजार घूस लेते रंगेहाथ धरा गया कानूनगो, एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर में ऐसे बिछाया जाल

सदर तहसील परिसर से राजस्व निरीक्षक दबोचा; पीड़ित किसान की शिकायत पर लखनऊ मुख्यालय से मिली थी ट्रैप की अनुमति

Ad

 
ghush
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर, बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई सामने आई है। यहाँ एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को सदर तहसील परिसर में जाल बिछाकर कुसौरा सर्किल के राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) अशर्फीलाल को 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। कानूनगो जमीन की पैमाइश के एवज में एक पीड़ित किसान से रिश्वत की मांग कर रहे थे। एंटी करप्शन टीम की इस बड़ी कार्रवाई से पूरी तहसील और राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है।

Ad
Ad

महीनों से चक्कर काट रहा था पीड़ित किसान

पूरा मामला कलवारी थाना क्षेत्र के सैफाबाद गांव का है। यहाँ के निवासी किसान आसमान सिंह की जमीन की पैमाइश होनी थी, जिसके लिए उन्होंने धारा 24 के तहत मुकदमा भी दर्ज कर रखा था। कोर्ट का आदेश होने के बावजूद कुसौरा सर्किल के कानूनगो अशर्फीलाल जमीन की पैमाइश और पत्थरनसब करने के लिए किसान को पिछले कई महीनों से दौड़ा रहे थे। आरोप है कि कानूनगो ने काम करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। कानूनगो की हीलाहवाली और घूस की मांग से परेशान होकर किसान आसमान सिंह ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई।

Ad

लखनऊ मुख्यालय की अनुमति के बाद बुना गया 'ट्रेप' का जाल

शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन की स्थानीय इकाई तुरंत एक्टिव हो गई। टीम ने पहले गुप्त तरीके से मामले की प्रारंभिक जांच की। शिकायत सही पाए जाने पर स्थानीय टीम ने लखनऊ मुख्यालय को बेसिक रिपोर्ट भेजकर आरोपी कानूनगो को रंगेहाथ पकड़ने (ट्रेप करने) की अनुमति मांगी। मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद टीम ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) को पूरे मामले से अवगत कराया और गवाह के तौर पर दो सरकारी प्रतिनिधियों की मांग की।

Ad

कुर्ता-धोती और सफाईकर्मी के भेष में तैनात थी टीम

बुधवार को योजना के मुताबिक, शिकायतकर्ता किसान आसमान सिंह 10 हजार रुपये लेकर सदर तहसील परिसर स्थित पुराने कानूनगो कार्यालय भवन में पहुंचे। वहां कानूनगो अशर्फीलाल अपने कक्ष में मौजूद थे। इस दौरान एंटी करप्शन की टीम ने खुद को छुपाने के लिए बेहद फिल्मी अंदाज अपनाया। टीम के सदस्य कुर्ता-धोती पहनकर आम जनता और कुछ सदस्य सफाईकर्मी के भेष में पहले ही कार्यालय के आसपास तैनात हो गए थे।

जैसे ही आसमान सिंह ने कानूनगो अशर्फीलाल को केमिकल लगे 10 हजार रुपये थमाए, वैसे ही आसपास तैनात टीम के सदस्यों ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। इसके बाद टीम उन्हें परिसर में खड़ी अपनी गाड़ी में बैठाकर सीधे कोतवाली ले गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

कोतवाली पुलिस ने एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक उदयप्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर राजस्व निरीक्षक अशर्फीलाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में लेकर आगे की कानूनी और विभागीय जांच शुरू कर दी है।