बलिया: मुंडन संस्कार के दौरान गंगा में डूबे 4 लोग, बचाने कूदे युवकों की भी गई जान; 8 दिन में दूसरी बार मची चीख-पुकार
शिवरामपुर गंगा घाट पर बड़ा हादसा: 2 किशोर और 2 किशोरियां गहरे पानी में समाए, SDRF की टीम तलाश में जुटी
बलिया, भदैनी मिरर। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। शिवरामपुर गंगा घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से चार लोग लापता हो गए हैं। इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई।


किशोरियों को बचाने के प्रयास में डूबे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर निवासी वशिष्ठ चौहान के परिवार के लोग मुंडन संस्कार के लिए घाट पर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान कुछ किशोरियां गंगा में स्नान करने लगीं, तभी अचानक वे गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए पास मौजूद अरुण चौहान (20) और अर्जुन चौहान (19) नदी में कूद पड़े, लेकिन इस साहसिक प्रयास में वे भी खुद को नहीं बचा सके और पानी में समा गए।

चार लोग अभी भी लापता
स्थानीय लोगों की तत्परता से डूब रही चार किशोरियों में से दो को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चार अन्य लोग अब भी लापता हैं। लापता होने वालों में:
-
हर्षिता चौहान (17) पुत्री अजीत चौहान
-
नंदिता चौहान (12) पुत्री अजीत चौहान
-
अरुण चौहान (20) पुत्र मोहन चौहान
-
अर्जुन चौहान (19) पुत्र मुरली चौहान
SDRF की टीम संभाल रही मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी उस्मान और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय नाविकों की सहायता से करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) टीम को बुलाया गया है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश जारी है और परिजनों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

