Movie prime
PMC_Hospital

मथुरा के गोवर्धन पहुंचे अनंत अंबानी: 3 घंटे 30 मिनट में पूरी की गिरिराजजी की सात कोसीय परिक्रमा, भजनों पर झूमे और 280 किलो का लगाया छप्पन भोग

परिक्रमा के बाद भावुक होकर बोले- दादा-दादी की वजह से आज यहां हूं; देश की भलाई व प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के लिए मांगी प्रार्थना

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

मथुरा (भदैनी मिरर): उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे पुत्र अनंत अंबानी अपनी दो दिवसीय धार्मिक यात्रा पर मथुरा के गोवर्धन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गिरिराज महाराज की सात कोसीय (लगभग 12 किलोमीटर) परिक्रमा की, जिसे उन्होंने करीब 3 घंटे 30 मिनट में पूरा किया। यात्रा के दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद धनराज परिमल नाथवानी भी मौजूद रहे। गोवर्धन पहुंचने पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं परिक्रमा मार्ग में वे भजनों की धुन पर झूमते हुए भी नजर आए। उनकी सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 200 बॉडीगार्ड्स तैनात रहे।

Ad

मुखारविंद मंदिर में लगाया 280 किलो का छप्पन भोग

अनंत अंबानी सबसे पहले गोवर्धन के जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध मुखारविंद मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गिरिराजजी के श्रृंगार दर्शन किए और मंदिर के सेवायत गोस्वामी विशाल बाबा के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर भगवान को 280 किलोग्राम के 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। गोस्वामी विशाल बाबा ने भगवान की शयन आरती भी संपन्न कराई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनंत अंबानी ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मदन मोहन जी के दर्शन कर शुरु की सात कोसीय परिक्रमा

मुखारविंद मंदिर में पूजन के बाद अनंत अंबानी पुष्टिमार्गीय वैष्णव संप्रदाय की परंपरा के अनुसार मदन मोहन जी मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने गिरिराजजी की सात कोसीय परिक्रमा शुरू की, जो 3 घंटे 30 मिनट में पूरी हुई।

भावुक होकर बोले: दादा - दादी की वजह से आज यहां हूं

परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आज वे यहां अपने दादा-दादी की वजह से हैं और यहां आकर जो आध्यात्मिक अनुभव हुआ है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने देश की भलाई, प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और देश के प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए प्रार्थना की है तथा श्रीनाथजी से सभी पर कृपा बनाए रखने की कामना की।

गंगाधाम में विश्राम, वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन का कार्यक्रम

गोवर्धन में दर्शन और परिक्रमा के बाद अनंत अंबानी ने जतीपुरा स्थित गंगाधाम में रात्रि विश्राम किया। यात्रा के अगले चरण में शनिवार सुबह उनके वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन करने का कार्यक्रम निर्धारित है।