पूजा पाल के आरोपों पर अखिलेश यादव का पलटवार, कहा- 'हम लोग जेल चले जाएंगे, मार देंगे बीजेपी वाले...
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने आरोप लगाया था कि अगर उनकी हत्या उनके पति की तरह होती है, तो इसकी जिम्मेदारी अखिलेश यादव और सपा पर होगी। उनके इन आरोपों पर अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है।


अखिलेश यादव का पलटवार
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने इस मामले पर एक पत्र लिखा है, जिसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि यह कैसे संभव है कि कोई मुख्यमंत्री से मिले और फिर उसे जान का खतरा किसी और दल के नेताओं से बताया जाए। अखिलेश ने तंज भरे अंदाज में कहा, “भाई, यहां तो हमें ही जेल जाना पड़ जाएगा, और बीजेपी वाले हमें ही मार डालेंगे।”


गृह मंत्री को लिखी चिट्ठी
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अगर पूजा पाल को सच में खतरा है तो इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार पर भरोसा नहीं किया जा सकता, इसलिए उन्होंने इस संबंध में दिल्ली सरकार के गृह मंत्री को पत्र लिखा है। अखिलेश ने कहा, “हमें उम्मीद है कि वहां से न्याय मिलेगा। जब तक पूजा पाल हमारे साथ थीं, तब तक उन्हें किसी तरह का खतरा नहीं था, यह सबको पता है।”

पूजा पाल के आरोप
गौरतलब है कि सपा से निष्कासित होने के बाद विधायक पूजा पाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पत्र लिखते हुए दावा किया था कि अगर उनकी हत्या होती है, तो इसके लिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर गालियां और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिनके पीछे सपा कार्यकर्ताओं का हाथ है।
