
पौधारोपण महाअभियान से पहले CM योगी ने किया रामलला और हनुमानगढ़ी का दर्शन, राम मंदिर निर्माण कार्य का लिया जायजा




अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्या में पौधरोपण महाअभियान की शुरुआत करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे है। इससे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन से किया, जहां उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला के दर्शन किए, आरती उतारी और आम श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।


राम मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
श्रीराम जन्मभूमि परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राम दरबार में दर्शन-पूजन कर भगवान राम का आशीर्वाद लिया। राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़ी गतिविधियों और आगे की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण अभियान अपनी मां के नाम कृतज्ञता ज्ञापित करने का मौका देता है। इसलिए इसे एक पेड़ मां के नाम अभियान नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज के दिन पौधरोपण कर इनकी सुरक्षा के लिए और संरक्षण के लिए काम करें। मुख्यमंत्री योगी बुधवार को अयोध्या में सोलर सिटी के पास दशरथ पथ पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह जुलाई माह में सीएम योगी का पहला अयोध्या दौरा था। इससे पहले वह 5 जून को राम दरबार के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा धार्मिक आस्था और विकास कार्यों की समीक्षा का संतुलित उदाहरण है, जिसमें उन्होंने श्रद्धालुओं से जुड़ाव के साथ-साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर भी ध्यान दिया।

