त्योहार से एक दिन पहले पति ने खेली पत्नी के खून से होली, चाकू घोंपकर मार डाला, बेटी को किया लहूलुहान
गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डीएलएफ एमएम रोड स्थित फ्लैट में वारदात से सनसनी
हत्या के बाद पति घनश्याम फरार, पुलिस ने घायल बेटी को अस्पताल में कराया भर्ती
गाजियाबाद। पत्नी के किसी और से अफेयर के संदेह में बौखलाये पति ने होली से एक दिन पहले मंगलवार को अपनी ही पत्नी संग खून की होली खेली। उसने चाकू घोंपकर 50 वर्षीया पत्नी मीनू को मौत की नींद सुला दिया और मां को बचाने आई छोटी बेटी हिमांशी को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डीएलएफ एमएम रोड स्थित फ्लैट में यह सनसनीखेज वारदात हुई। पत्नी हत्या के बाद हत्यारा पति फरार हो गया। पुलिस ने घायल बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतका मीनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार मीनू का पति घनश्याम रंगाई-पुताई का काम करता है। मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली मीनू पति घनश्याम, बड़ी बेटी भावना, छोटी हिमांशी और बेटे दिवांग के साथ अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डीएलएफ एमएम रोड स्थित फ्लैट में रहती थी। घनश्याम को पत्नी के किसी और से अफेयर का शक था। इस बात को लेकर अक्सर पति-पत्नी में विवाद होता था। मंगलवार की दोपहर भी दोनों में इसी बात पर विवाद हुआ। इसी दौरान आवेश में आकर घनश्याम ने पत्नी को चाकू घोंप दिया। उसने कई वार किये जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय मीनू की बड़ी बेटी दिल्ली के बुराड़ी में थी। वह वहीं नौकरी करती है।

मां पर चाकू से पिता को हमले करता देख छोटी बेटी हिमांशी ने बीच-बचाव किया तो घनश्याम ने उसे भी चाकू मार दिया। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। देखा कि मीनू की खून से लथपथ लाश जमीन पर पड़ी थी। बेटी भी जमीन पर घायल पड़ी थी। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल बेटी को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में अस्पताल में भर्ती कराया। अंकुर विहार एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सूचना मिली कि घनश्याम ने पत्नी मीनू पर चाकू से हमले किये है। इसके बाद पुलिस टीम पहुंची। आरम्भिक जांच में पता चला है कि घनश्याम अपनी पत्नी पर शक करता था। इसको लेकर दोनों में विवाद हो रहा था। पुलिस घनश्याम की तलाश कर रही है।

