Movie prime
PMC_Hospital

यूपी के इस जिले में तोड़े जाएंगे 101 पुलिस आवास; योगी कैबिनेट के बड़े फैसले

बागपत में 300 करोड़ से बनेगा अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर; विद्युत नियामक आयोग की चार नई नियमावलियों पर भी लगी मुहर

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

राज्य डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई प्रदेश कैबिनेट की बैठक में बुनियादी ढांचे, पुलिस कल्याण, सहकारिता और योग-पर्यटन को बढ़ावा देने वाले कई अहम प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। बैठक में आगरा पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत जर्जर हो चुके 101 पुलिस आवासों को तोड़ने और बागपत में भव्य अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर के निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

Ad

आगरा में तोड़े जाएंगे 101 जर्जर पुलिस आवास

कैबिनेट ने आगरा पुलिस कमिश्नरेट में सुरक्षा की दृष्टि से अनुपयुक्त और जर्जर हो चुके कुल 101 पुलिस आवासों को ध्वस्त करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।

  • इसके तहत आगरा के छीपाटोला परिसर स्थित पुलिस क्लब कॉलोनी के श्रेणी-1 के 72, श्रेणी-2 के 24 और श्रेणी-3 के 5 आवासों को गिराया जाएगा।

  • लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्धारित मूल्य और ध्वस्तीकरण की लागत की तुलना में स्क्रैप मूल्य को समायोजित करते हुए 2.55 करोड़ रुपये बट्टे-खाते में डाले जाएंगे।

बागपत में 300 करोड़ की लागत से बनेगा अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर

योग और आध्यात्मिक पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए कैबिनेट ने बागपत के पुरा महादेव क्षेत्र स्थित हरिया खेड़ा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर के विकास व संचालन की संशोधित व्यवस्था को मंजूरी दे दी है।

  • 10 हजार साधकों की क्षमता: लगभग 300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित होने वाले इस केंद्र में एक साथ करीब 10,000 साधक योगाभ्यास कर सकेंगे। यहां योग, प्राणायाम, ध्यान और योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित होंगी।

  • 65.815 हेक्टेयर में फैलेगा परिसर: इसके वित्तपोषण, निर्माण और संचालन के लिए निविदा के जरिए एक अनुभवी संस्था का चयन किया जाएगा। परिसर में भोजनालय, कैफे और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं भी होंगी, जबकि भूमि व स्थायी संरचना का स्वामित्व पर्यटन विभाग के पास ही रहेगा। दिल्ली-एनसीआर और मेरठ के करीब होने से यहां बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

लखनऊ के रहमानखेड़ा में स्थापित होगा राज्य सहकारी महाविद्यालय

प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ के रहमानखेड़ा में राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इसके लिए राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान रहमानखेड़ा की 4.51 हेक्टेयर भूमि सहकारिता विभाग के अधीन 'इंस्टिट्यूट ऑफ कोऑपरेटिव एंड कॉर्पोरेट मैनेजमेंट रिसर्च एंड ट्रेनिंग, लखनऊ' को निःशुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है।

विद्युत नियामक आयोग की 4 नई नियमावलियों पर लगी मुहर

इसके अतिरिक्त, कैबिनेट ने विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 103, 104, 105 और 106 के प्रावधानों के अनुरूप उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग की चार प्रमुख नियमावलियों को भी स्वीकृति प्रदान की है:

  1. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (निधि) नियमावली-2026

  2. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (राज्य आयोग का वार्षिक लेखा और लेखा परीक्षा का प्रपत्र एवं समय) नियमावली-2026

  3. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (वार्षिक रिपोर्ट) नियमावली-2026

  4. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (बजट) नियमावली-2026