UPSC में महिलाओं ने मनवाया लोहा ! टॉप 10 में है पांच लड़कियां, संघर्ष जानकर आप भी करेंगे सैल्यूट




UPSC 2024 Topper : महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रही है, चाहे वो देश की कठिन परीक्षा में से एक संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा ही क्यों न हो। UPSC 2024 का फाइनल रिजल्ट आज घोषित हो चुका है और इस बार भी देश की बेटियों ने कमाल कर दिखाया है। टॉप 10 रैंकिंग में 5 लड़कियों ने जगह बनाई है, जबकि पहले और दूसरे पायदान पर भी बेटियों का ही कब्जा रहा। इन प्रतिभाशाली युवतियों की सफलता सिर्फ एक परीक्षा पास करने की नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, समर्पण और दृढ़ निश्चय की मिसाल है। आइए जानते हैं उन पांच होनहार बेटियों के बारे में जिन्होंने इस साल UPSC में टॉप रैंक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।

जानें UPSC में टॉप रैंक हासिल करने वाली लड़कियों के बारे में
रैंक 1: शक्ति दुबे (प्रयागराज, उत्तर प्रदेश)
देश की टॉपर बनीं शक्ति दुबे (Shakti Dubey) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। साइंस की छात्रा रही शक्ति ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बायोकेमिस्ट्री में ग्रेजुएशन और बीएचयू से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने UPSC में पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशंस को ऑप्शनल विषय के रूप में चुना। 2018 से इस परीक्षा की तैयारी कर रहीं शक्ति ने आखिरकार अपनी कड़ी मेहनत को ऐतिहासिक सफलता में बदल दिया।

रैंक 2: हर्षिता गोयल (हरियाणा से गुजरात तक)
दूसरे स्थान पर रहीं हर्षिता गोयल (Harshita Goyal) मूल रूप से हरियाणा की हैं लेकिन वे लंबे समय से गुजरात के वडोदरा में रह रही हैं। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट रहीं हर्षिता ने समाज सेवा को अपनी प्राथमिकता दी। उन्होंने 'Belief Foundation' नामक एक एनजीओ के साथ मिलकर थैलेसीमिया और कैंसर से पीड़ित बच्चों की मदद की। हर्षिता की सफलता समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता की मिसाल है।

रैंक 4: मार्गी चिराग शाह (अहमदाबाद, गुजरात)
कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली मार्गी (Margi Chirag Shah) ने टेक्निकल फील्ड छोड़कर समाज सेवा का रास्ता चुना। गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने समाजशास्त्र को ऑप्शनल विषय चुना और ऑल इंडिया रैंक 4 प्राप्त की। मार्गी की कहानी बताती है कि जुनून और दिशा सही हो तो पृष्ठभूमि मायने नहीं रखती।
रैंक 6: कोमल पूनिया (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश)
सहारनपुर की कोमल पूनिया (Komal Punia) ने अपने दूसरे प्रयास में UPSC क्लियर करके छठा स्थान हासिल किया। कोमल की सफलता इस बात का प्रमाण है कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी चुनौती पार की जा सकती है।
रैंक 7: आयुषी बंसल (ग्वालियर, मध्य प्रदेश)
आयुषी (Ayushi Banasal) की सफलता किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। बचपन में पिता का साया उठ जाने के बाद उन्होंने मां के सहारे जीवन की चुनौतियों का सामना किया। IIT की तैयारी के लिए दिल्ली आईं, फिर मैकेंज़ी जैसी नामी कंपनी में काम किया, लेकिन सपना तो कुछ और था—देश की सेवा। 2022 में 188वीं रैंक, 2023 में 97वीं और इस बार 7वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपने जुनून को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
ये पांचों बेटियां आज लाखों युवाओं की प्रेरणा हैं। इन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है। UPSC 2024 के परिणाम सिर्फ एक परीक्षा की कहानी नहीं, बल्कि देश की बेटियों के बुलंद इरादों की गूंज हैं।

