Varanasi: गंजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का 95 फीसदी काम पूरा, ICC चेयरमैन जय शाह ने BCCI टीम के साथ किया दो घंटे तक निरीक्षण
जल्द गूंजेगा चौके-छक्कों का शोर; निरीक्षण के दौरान पवेलियन, पिच, ड्रेसिंग रूम और दर्शक दीर्घा का बारीकी से लिया जायजा
वाराणसी (भदैनी मिरर)। काशी के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजातालाब के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जल्द ही क्रिकेट के रोमांच और चौके-छक्कों की गूंज सुनाई दे सकती है। बुधवार देर शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने निर्माणाधीन गंजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि स्टेडियम का लगभग 95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।


दो घंटे तक हर हिस्से का बारीकी से लिया जायजा
आईसीसी चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई के पदाधिकारी विशेष विमान से नई दिल्ली से वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वे वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ सीधे गंजारी स्थित स्टेडियम पहुंचे।
लगभग दो घंटे तक चले इस मैराथन निरीक्षण के दौरान जय शाह ने स्टेडियम के मुख्य भवन, पवेलियन, वीआईपी गैलरी, दर्शक दीर्घा, मुख्य पिच और खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम की व्यवस्थाओं को बेहद बारीकी से परखा।

बीसीसीआई की तकनीकी टीम ने जांची सुविधाएं
निरीक्षण के समय बीसीसीआई की तकनीकी टीम भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने खासतौर पर वीआईपी गैलरी में प्रवेश व निकास के रास्तों, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और आम दर्शकों के लिए बनाए गए अलग-अलग प्रवेश व निकासी द्वारों की जानकारी ली।
जय शाह और अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी व प्रशासन को निर्देश दिया कि शेष बचे हुए 5 फीसदी फिनिशिंग कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही, कुछ व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के भी निर्देश दिए गए ताकि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कोई कमी न रहे। करीब दो घंटे तक स्टेडियम का भ्रमण करने के बाद रात लगभग पौने दस बजे जय शाह और बीसीसीआई के पदाधिकारी बाबतपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। स्टेडियम का काम अंतिम चरण में पहुंचने से अब काशीवासियों में जल्द ही यहां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला देखने की उम्मीद जगी है।
