Syed Mushtaq Ali Trophy: बड़ौदा ने उत्तर प्रदेश को 8 विकेट से रौंदा, अतीति शेठ और क्रुणाल पांड्या की घातक गेंदबाजी
एमसीए-बीकेसी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में सिर्फ 93 रन पर सिमटी यूपी की टीम; समीर रिजवी और जीशान अंसारी के बीच हुई 54 रनों की साझेदारी
भदैनी मिरर स्पोर्ट्स डेस्क, वाराणसी/मुंबई। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) एलीट ग्रुप ए के एक मुकाबले में बड़ौदा ने उत्तर प्रदेश को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से रौंद दिया। मुंबई के एमसीए-बीकेसी ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश की पूरी टीम बड़ौदा के गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आई और महज 93 रनों पर ढेर हो गई। जवाब में बड़ौदा ने महज 9.1 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

33 रन पर गिर चुके थे 7 विकेट, समीर रिजवी ने संभाली लाज
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बड़ौदा की टीम के तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कहर बरपाया। रसिख सलाम दार ने ओपनर दिव्यांश जोशी को आउट कर शुरुआती झटका दिया, जिसके बाद अतीति शेठ ने एक के बाद एक तीन झटके देकर यूपी का स्कोर 33 रन पर 7 विकेट कर दिया। इसके बाद कप्तान क्रुणाल पांड्या ने भी दो विकेट झटके।
एक समय ऐसा लग रहा था कि यूपी की टीम 50 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, लेकिन ऐसे संकट के समय समीर रिजवी और जीशान अंसारी ने सूझबूझ दिखाते हुए 8वें विकेट के लिए 54 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई और टीम के स्कोर को 92 रन तक पहुंचाया। यूपी की तरफ से केवल समीर रिजवी ही कुछ संघर्ष कर सके।
आसानी से बड़ौदा ने किया लक्ष्य हासिल
94 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा की शुरुआत भले ही खराब रही और यश दयाल ने शिवालिक शर्मा को जल्दी आउट कर दिया, लेकिन इसके बाद अमित पासी और शश्वत रावत ने पारी को संभाल लिया। दोनों के बीच 68 रनों की साझदारी ने जीत की औपचारिकता को बेहद आसान बना दिया। भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाज भी इस दौरान कोई बड़ा मैजिक नहीं दिखा सके और बड़ौदा ने आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
राजस्थान ने चंडीगढ़ को 7 विकेट से हराया
दूसरे मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मैच में राजस्थान ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चंडीगढ़ को 7 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ ने मानन वोहरा (59) और कप्तान शिवम भाम्बरी (47) की पारियों के दम पर 193 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के अभिजित तोमर ने महज 42 गेंदों में तूफानी 80 रन (6 चौके, 5 छक्के) की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 17.2 ओवरों में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया और टूर्नामेंट में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
