पलाश मुच्छल की हेल्थ पर डॉक्टर ने दी बड़ी जानकारी, तबियत बिगड़ने की वजह भी बताई, जल्द होंगे डिस्चार्ज
स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद पलाश भी पहुंचे थे हॉस्पिटल, तीन हफ्ते रेस्ट की सलाह - शादी की नई डेट पर अब तक सस्पेंस
मुंबई। क्रिकेटर स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद संगीतकार पलाश मुच्छल भी अचानक बीमार हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब इलाज कर रहे डॉक्टर ने उनकी हेल्थ पर बड़ा अपडेट दिया है। बताया गया है कि पलाश की तबीयत किसी गंभीर कार्डिएक इवेंट के कारण नहीं, बल्कि अत्यधिक स्ट्रेस और एंग्जाइटी की वजह से बिगड़ी थी। फिलहाल उनकी हालत में सुधार है और डॉक्टरों ने उन्हें तीन हफ्ते तक पूरा आराम करने की सलाह दी है।


स्ट्रेस के कारण बिगड़ी तबीयत: डॉक्टर का बयान
मिडडे की रिपोर्ट के अनुसार, पलाश का इलाज कर रहे डॉक्टर दीपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मेडिकल जांच में पलाश को कोई बड़ा हार्ट–रिलेटेड खतरा नहीं मिला। उन्होंने कहा- “पलाश की कंडीशन किसी सीरियस कार्डिएक इवेंट के बजाय स्ट्रेस से जुड़ी लग रही है।”
शुरुआत में उन्हें सांगली के अस्पताल में एडमिट किया गया, लेकिन सुधार न होने पर मुंबई के SRV हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया।

हार्ट टेस्ट किए गए, लेकिन नहीं मिला बड़ा खतरा
मुंबई पहुंचने पर पलाश को सीने में दर्द, घबराहट और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत थी। इसके बाद डॉक्टरों ने ईसीजी, 2डी इको और अन्य टेस्ट किए।
डॉक्टरों के अनुसार,
- कुछ कार्डियक मार्कर हल्के बढ़े थे,
- लेकिन बड़ी हार्ट इमरजेंसी का संकेत नहीं मिला।
तबीयत में सुधार के बाद उन्हें ICU से निकालकर जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है, जहां वे अभी भी ऑब्जरवेशन में हैं।

जल्द हो सकते है डिस्चार्ज
डॉक्टरों ने बताया कि पलाश की हालत पहले से काफी बेहतर है। स्ट्रेस लेवल भी कम हुआ है और वह रिकवरी की ओर बढ़ रहे हैं। उम्मीद है कि वे जल्दी ही डिस्चार्ज हो जाएंगे।
उन्हें कम से कम तीन हफ्ते आराम और मानसिक तनाव से दूर रहने की सलाह दी गई है।
शादी पर अभी भी सस्पेंस
इस बीच स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना को 25 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। स्मृति और पलाश की शादी 23 नवंबर को होनी थी, लेकिन पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण इसे टाल दिया गया। नई शादी की तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट नहीं है।
हटाईं इंस्टाग्राम फोटोज, सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद
स्मृति मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम से शादी से जुड़ी रस्मों की फोटोज हटाई हैं। इसी बीच पलाश पर एक महिला के साथ फ्लर्टिंग चैट के वायरल स्क्रीनशॉट आने से विवाद भी खड़ा हो गया है। हालांकि इन चैट्स की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।
