ind vs pak women: लगातार दूसरे ICC खिताब पर भारत की नजर, पाकिस्तान के खिलाफ आज महामुकाबला; ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11
IND W vs PAK W: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का एकतरफा दबदबा
खेल डेस्क: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का रोमांच चरम पर है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार (आज) को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शानदार शुरुआत करने उतरेगी। ग्रुप-1 के इस हाई-वोल्टेज मैच में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम का पलड़ा बेहद भारी नजर आ रहा है। पिछले साल वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम करने के बाद, भारतीय टीम की नजरें अब लगातार दूसरे आईसीसी (ICC) खिताब पर टिकी हैं।


IND W vs PAK W: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का एकतरफा दबदबा
क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा रोमांचक होता है, लेकिन आंकड़ों की बात करें तो टी20 फॉर्मेट में भारतीय महिला टीम का एकतरफा राज रहा है।
-
कुल टी20 मैच: दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 13 मैचों में बाजी मारी है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीतों से संतोष करना पड़ा है।
-
टी20 विश्व कप का रिकॉर्ड: विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने आई हैं। यहाँ भी भारत ने 6 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान केवल 2 मैच जीत सका है।
-
पिछला मुकाबला: साल 2024 के टी20 विश्व कप में भी भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी।
सलामी जोड़ी पर दारोमदार: मंधाना और शेफाली से बड़ी शुरुआत की उम्मीद
भारतीय टीम हर विभाग में बेहद संतुलित नजर आ रही है, लेकिन मैच में मजबूत पकड़ बनाने के लिए सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को टीम को धमाकेदार शुरुआत ग्यारंटी करनी होगी।

स्मृति मंधाना ने फरवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 82 रनों की शानदार पारी खेली थी, हालांकि पिछले छह मैचों में उनका बल्ला थोड़ा शांत रहा है (13, 12, 37, 0, 32, 8 रन)। वहीं, शेफाली वर्मा भी जोहानिसबर्ग में 64 रन बनाने के बाद बड़ी पारी की तलाश में हैं।
मध्यक्रम है मजबूत: राहत की बात यह है कि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़कर फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए हैं। इसके अलावा जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष और भारती फुलमाली पर मध्यक्रम को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

क्या प्लेइंग-11 में चमकेगी भारती फुलमाली की किस्मत?
टूर्नामेंट के इस पहले मुकाबले के लिए भारतीय टीम प्रबंधन प्लेइंग-11 में कोई बहुत बड़ा उलटफेर करने के मूड में नहीं है। हालांकि, माना जा रहा है कि बल्लेबाजी को और गहराई देने के लिए भारती फुलमाली को अंतिम एकादश (Playing-11) में मौका दिया जा सकता है।
भारत एक बेहद कठिन ग्रुप में है, जहां आगे उसका सामना ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी दिग्गज टीमों से होना है। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ एक बड़ी जीत भारतीय टीम के मनोबल को सातवें आसमान पर पहुंचा देगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 (Probable Playing 11)
भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह।
पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), इराम जावेद, नतालिया परवेज, तुबा हसन, डियाना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल।
